शिवपुरी। जिला पशु चिकित्सालय की लापरवाही के चलते घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती एक बछड़े को रात्रि के समय कुत्तों ने चीथ-चीथकर मौत के घाट उतार दिया और बछड़े के शरीर के चिथड़े-चिथड़े उड़ा दिए। जिसकी जानकारी आज सुबह गौ सेवकों को लगी तो उन्होंने अस्पताल प्रशासन से चर्चा की। जो कोई भी जवाब नहीं दे सका। इससे पूर्व ही अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही के कारण एक गाय इलाज के अभाव में वहां पड़ी-पड़ी मर गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गौ सेवक राजकुमार राठौर, केबी श्रीवास्तव सहित उनके अन्य सहयोगी विगत दिवस सड़क पर घायल पड़ेे एक बछड़े को इलाज हेतु चिकित्सालय लेकर पहुंचे। जहां बछड़े के पैर में फैक्चर था जिस पर डॉक्टरों ने प्लास्टर चढ़ा दिया था और उसे वहां इलाज हेतु रख लिया। गौ सेवक राजकुमार राठौर और करन राठौर बताते हैं कि बछड़े को वह प्रतिदिन सुबह चारा डालने जाते थे, लेकिन आज सुबह जब वह वहां पहुंचे तो बछड़े के शरीर को कुत्तो ने बुरी तरह चीथ डाला जिससे उसकी मौत हो गई। उसके शरीर के टुकड़े इधर-उधर पड़े हुए थे। जब इस घटना की जानकारी उनके द्वारा सिविल सर्जन डॉ. एसके वर्मा को दी गई तो उन्होंने मामले से पल्ला झाड़ लिया। श्री राठौर ने अपनी यह भी मांग रखी है कि अस्पताल प्रबंधन अस्पताल प्रांगण को सुरक्षित कराए जिससे आवारा अन्य कोई जानवर अस्पताल परिसर में प्रवेश न कर सके और इस तरह की घटनाओं की पुनरावृति न हो सके।





Be First to Comment