मामला पिछोर क्षेत्र के गणेशखेड़ा स्कूल का, पुन: हो रही हैं कक्षा 9 व 11 की की परीक्षाएंपिछोर। सतना में प्रश्न पत्र लीक होने के कारण शासन ने कक्षा 9 व 11 की परीक्षाओं को पुन: आयोजित कराया ताकि यह पता लगाया जा सके कि बच्चों ने साल भर पढ़ाई करके कितना ज्ञान हासिल किया, परंतु शिवपुरी में मोटी पगार पाने वाले शिक्षकों ने साल भर तो बच्चों को कुछ पढ़ाया नहीं, अब अपनी नाकामी छिपाने के लिए बच्चों को सामूहिक नकल करवा रहे हैं। शिक्षकों की यह करतूत कैमरे में कैद हुई है। पिछोर के गणेशखेड़ा में स्कूल के मुख्य द्वार पर ताला डालकर बच्चों को सामूहिक नकल करवाई जा रही थी।
बताना होगा कि इन दिनों जिले में कक्षा 9 व 11 की परीक्षाएं चल रही हैं, इसी क्रम में कल कक्षा 9 की गणित की परीक्षा आयोजित की गई थी। पिछोर के गणेशखेड़ा हाई स्कूल पर पहुंची तो वहां स्कूल का अमला मुख्य द्वार पर ताला लगाकर अंदर कमरे में बच्चों को सामूहिक रूप से नकल करवा रहा था। हमारे संवाददाता ने जब किसी तरह स्कूल के पीछे खिड़की से इस पूरे दृश्य को कवर करने का प्रयास किया तो परीक्षा कक्ष में भगदड़ की स्थिति निर्मित हो गई। सभी छात्र छात्राएं जो दूसरे स्थानों पर बैठे थे दौड़ कर अपने अपने स्थान पर बैठ गए। एक छात्र नकल की पर्ची को छिपाने का प्रयास करते हुए दिखा। इसके अलावा जब शिक्षकों को यह पता चला कि उनकी कारगुजारी कैमरे में कैद हो गई है तो उनमें भी भगदड़ मच गई।
इनका कहना है
-गांव वाले स्कूल में नकल करवाने जबरन घुस आते हैं इसलिए हम ताला लगाकर रखते हैं। हमने इस बात की सूचना पुलिस को नहीं दी है लेकिन हम अब सूचना दे देंगे। कमरे में जो नकल कराई जा रही थी वह आगे से नहीं होगा।
सूरज प्रसाद धु्रवे
प्रिंसिपल गणेशखेड़ा
-गणेशखेड़ा स्कूल में कराई जा रही सामूहिक नकल का मामला आपके द्वारा मेरे संज्ञान में लाया गया है। मैं मामले में उचित कार्रवाई करूंगा
बृजेश नीखरा
बीईओ पिछोर




