BJP MLA Akash Vijayvargiya Case : भोपाल नहीं पहुंचीं केस डायरी, जमानत याचिका पर आज सुनवाई ! Bhopal News

BJP MLA Akash Vijayvargiya Case : भोपाल नहीं पहुंचीं केस डायरी, जमानत याचिका पर आज सुनवाई
इंदौर। विधायक आकाश विजयवर्गीय के जमानत आवेदन पर शुक्रवार को भोपाल की सांसदों-विधायकों के खिलाफ मामले सुनने के लिए बनी स्पेशल कोर्ट में बहस नहीं हो सकी। कोर्ट खुलते ही जमानत आवेदन तो पेश हो गया था, लेकिन कोर्ट ने कहा कि जब तक केस डायरी नहीं आ जाती बहस नहीं सुनी जा सकती। कोर्ट ने इंदौर पुलिस से शनिवार सुबह 11 बजे तक केस डायरी भेजने को कहा है। इसके बाद सीनियर एडवोकेट अविनाश सिरपुरकर बहस करेंगे। इसके बाद तय होगा कि विजयवर्गीय का रविवार जेल में बीतेगा या बाहर। अभी तक इंदौर से केस डायरी भोपाल कोर्ट नहीं पहुंची है। इस बीच पूर्व मंत्री विश्वास सारंग भोपाल कोर्ट पहुंच चुके हैं। वहीं आकाश विजयवर्गीय के वकील पूर्व उप महाधिवक्ता पुष्यमित्र भार्गव भी कोर्ट में मौजूद हैं।
बता दें कि शुक्रवार को आकाश के वकील ने विशेष न्यायाधीश सुरेशसिंह के समक्ष जमानत आवेदन पेश किया था। पांच मिनट बाद ही कोर्ट ने केस डायरी तलब करते हुए सुनवाई शनिवार के लिए आगे बढ़ा दी थी।
आगे क्या: आदेश में देरी हुई तो शनिवार रात भी जेल में है
स्पेशल कोर्ट शनिवार सुबह दोनों पक्षों की बहस सुनने के बाद जमानत आवेदन पर आदेश सुनाएगी। कोर्ट ने दोपहर तक जमानत मंजूर कर ली तो ही रिलीज वारंट शाम सात बजे से पहले इंदौर जेल तक पहुंचेगा और विजयवर्गीय शनिवार को बाहर आ सकेंगे।
शाम सात बजे बाद रिलीज वारंट इंदौर पहुंचा तो उन्हें रात जेल में ही गुजारना होगी
कोर्ट जमानत आवेदन खारिज कर देती है तो आकाश को सोमवार को जबलपुर हाई कोर्ट में याचिका दायर करना होगी। ऐसे में उन्हें बाहर आने के लिए सोमवार तक इंतजार करना होगा।