भोपाल। मध्यप्रदेश में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष के आने से पूर्व भी झाबुआ की राजनीति में उठाफटक शुरू हो गई है। बीजेपी में ये उठापटक गुरुवार देर रात शुरू हुई। झाबुआ जिलाध्यक्ष मनोहर सेठिया ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। इस्तीफे की वजह उन्होंने स्वास्थ्य संबंधी समस्या बतायी है, लेकिन माना जा रहा है कि सोशल मीडिया पर उनकी कुछ आपत्तिजनक फोटो वायरल होने के बाद सेठिया ने ये कदम उठाया। उनका इस्तीफा मंज़ूर भी हो गया और उनकी जगह संगठन ने ओमप्रकाश शर्मा को जि़लाध्यक्ष बना दिया. सेठिया अभी 6 महीने पहले ही जि़लाध्यक्ष बनाए गए थे।
बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह के झाबुआ दौरे से एन पहले पार्टी की जिला इकाई में भूचाल-सा आ गया है. जिलाध्यक्ष मनोहर सेठिया के इस्तीफे के बाद उनके समर्थन में जि़ले के करीब दो दर्जन पदाधिकारियों ने भी इस्तीफा दे दिया है. सबने अपने इस्तीफे सोशल मीडिया पर पोस्ट किए हैं।
ये नया फेरबदल झाबुआ जिला संगठन के पदाधिकारियों या कहें कि सेठिया समर्थकों को रास नहीं आया। कुछ देर में ही इस्तीफ़ों की झड़ी लग गयी? जि़ला महामंत्री, जि़लाउपाध्यक्ष, नगर मंडल अध्यक्ष सहित 2 दर्जन से ज़्यादा पदाधिकारियों ने इस्तीफा दे दिया. सबने सोशल मीडिया पर भी अपने इस्तीफे पोस्ट किए हैं।
बीजेपी के प्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेन्द्र पाराशर ने इस्तीफे की पुष्टि की है. पार्टी अध्यक्ष अमित शाह 6 अक्टूबर को झाबुआ आ रहे हैं. यहां वो अनुसूचित जाति-जनजाति सम्मेलन में शामिल होंगे. उनके दौरे की तैयारी के बीच जि़ला संगठन में इस उठापटक के बाद सब सकते में हैं।
हालांकि अब पार्टी की ओर से राजस्व मंत्री उमाशंकर का बयान आया है कि झाबुआ जि़लाध्यक्ष बदलने का अमित शाह के दौरे से कोई लेना देना नहीं है. जिलाध्यक्षों को बदलना सतत प्रक्रिया है। कई वजह से पदाधिकारी बदले जाते हैं।




