भोपाल

विवाद पर कलेक्टर ने कहा था कि ड्राइवर ने गलत तरीके से बात की थी। उसे समझाना पड़ा।
शाजापुर कलेक्टर किशोर कन्याल को राज्य सरकार ने हटा दिया है। उनकी जगह नरसिंहपुर कलेक्टर ऋजु बाफना को शाजापुर भेजा है। बस-ट्रक ड्राइवरों की हड़ताल के दौरान मंगलवार को एक बैठक में कन्याल और ड्राइवर्स के बीच गहमा-गहमी हो गई थी। उन्होंने ड्राइवर से कहा था कि समझ क्या रखा है? क्या करोगे तुम, तुम्हारी औकात क्या है?
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार सुबह किशोर कन्याल को हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा, मनुष्यता के नाते ऐसी भाषा हमारी सरकार में बर्दाश्त नहीं है। मैं खुद मजदूर परिवार का बेटा हूं। अधिकारी भाषा और व्यवहार का ध्यान रखें। जो अधिकारी ऐसी भाषा बोलते हैं, उन्हें मैदान में रहने का अधिकार नहीं है।
पूरा घटनाक्रम जान लीजिए
किशोर कन्याल ड्राइवर्स एसोसिएशन के सदस्यों से कह रहे थे कि कोई कानून को अपने हाथ में नहीं लेगा। इसी दौरान एक ड्राइवर ने कलेक्टर को कहा- अच्छे से बोलो।
यह सुनकर कन्याल भड़क गए और कहा- गलत क्या है। समझ क्या रखा है? क्या करोगे तुम, तुम्हारी औकात क्या है? इसके बाद ड्राइवर ने कहा- यही तो हमारी लड़ाई है, हमारी कोई औकात नहीं है। इसके बाद कलेक्टर ने कहा- लड़ाई ऐसे नहीं होती है। कृपया कोई भी कानून अपने हाथ में न ले। आपकी सारी बातों को सुनने के लिए ही यहां बुलाया गया है। कलेक्टर के नाराजगी जताने पर ड्राइवर ने माफी मांग ली थी।

शाजापुर की नई कलेक्टर ऋजु बाफना 2014 बैच की आईएएस अफसर हैं। उनकी जगह नरसिंहपुर में अभी किसी की पदस्थापना नहीं हुई है।
किशोर कन्याल ने बाद में सफाई भी दी
किशोर कन्याल ने अपनी सफाई में कहा था, मेरा उद्देश्य किसी को ठेस पहुंचना नहीं था। जिले में किसी को भी कानून व्यवस्था तोड़ने नहीं दिया जाएगा। आमजन की सुरक्षा की जिम्मेदारी हमारी है और किसी भी स्थिति में कानून व्यवस्था की स्थिति निर्मित नहीं होने देंगे। कानून तोड़ने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करेंगे। बाद में कन्याल ने माफी भी मांग ली थी।
नौ महीने ही कलेक्टर रहे कन्याल
किशोर कन्याल राज्य प्रशासनिक सेवा से नौकरी में आए हैं। उनको 2013 में आईएएस अवार्ड हुआ है। कन्याल को 3 अप्रैल 2023 को शाजापुर कलेक्टर बनाया गया था। महज नौ महीने बार सरकार ने उनको पद से हटा दिया।










Be First to Comment