.
- भोपाल में नगर निगम द्वारा चलाई जा रही अतिक्रमण विरोधी मुहिम को लेकर दिया था बयान
- पुलिस ने सुरेंद्रनाथ सिंह को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया है
भोपाल. भोपाल में नगर निगम द्वारा चलाई जा रही अतिक्रमण विरोधी मुहिम की खिलाफत कर रहे पूर्व विधायक सुरेंद्रनाथ सिंह मम्मा को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया है। उनके खिलाफ दो थानों में एफआईआर दर्ज कराई गई थी। साथ ही मप्र विधानसभा में सत्ता पक्ष के विधायकों ने मामले को लेकर जमकर हंगामा किया था। पुलिस ने सुरेंद्र नाथ सिंह को गिरफ्तार किया और सीधे कोर्ट लेकर पहुंचे। पुलिस ने उन्हें कोर्ट में पेश कर दिया है।
गुरुवार को नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी को धमकाने वाले कथित ऑडियो वायरल को लेकर उनके खिलाफ दो एफआईआर दर्ज कराई गई थीं। मामले में एक केस एमपी नगर थाने में गुरुवार को देर रात कराई गई थी। यहां पर मध्य विधानसभा क्षेत्र के अतिक्रमण अधिकारी महेश गौहर ने पूर्व विधायक पर जान से मारने की धमकी देने पर केस कराया था। हालांकि टीटी नगर पुलिस ने सुरेंद्रनाथ और 10 अन्य पर केस दर्ज किया है, लेकिन यह मुख्यमंत्री के खिलाफ बोले अपशब्दों को लेकर नहीं, बल्कि प्रतिबंधित क्षेत्र में घुसने और कलेक्टर का आदेश नहीं मानने पर किया है।
प्रदर्शन के दौरान कहा- सड़कों पर खून बहेगा
उन्होंने गुमठियां हटाने और झुग्गीवासियों को मिल रहे भारी बिजली बिल को लेकर रोशनपुरा चौराहे पर प्रदर्शन किया। यहां से वे लोगों के हुजूम के साथ विधानसभा का घेराव करने निकले। इसी दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री कमलनाथ के लिए अपशब्द कहते हुए प्रशासन को खुली धमकी दे डाली। गुमठी व्यवसायियों से नारे लगवाते हुए मम्मा बोले- हमारी मांगें पूरी नहीं हुईं तो सड़कों पर खून बहेगा। फिर बोले- और यह खून कमलनाथ का होगा।
माफी नहीं मांगूंगा, जेल चला जाऊंगा
इससे पहले मीडिया से बातचीत में सुरेंद्र नाथ सिंह ने कहा कि मैं जेल चला जाऊंगा, लेकिन माफी नहीं मांगूंगा। मैंने कोई अनुशासनहीनता नहीं की है। सिंह ने कहा कि ऑडियो को एडिट कर चलाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि सिंह की इस धमकी पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने नाराजगी जताई है। पूर्व विधायक सुरेन्द्र नाथ सिंह ने कहा कि वे गरीबों की लड़ाई लड़ रहे हैं और इसके लिए उन्हें किसी पार्टी या नेता की जरुरत नहीं है। वे माफी नहीं मांगेंगे, पार्टी चाहे तो उन पर कार्रवाई कर सकती है। यदि पार्टी की तरफ से उनसे बात की जाती है तो वे अपनी बात मजबूती के साथ रखेंगे।
ऑडियो में कहा- निगम की गाड़ियों को आग लगा देंगे
सुरेंद्रनाथ सिंह ने कहा कि वह पूरे प्रदेश में जाएंगे और मुख्यमंत्री कमलनाथ के घर के बाहर पकौड़ा तलेंगे। लेकिन गरीबों के हक की लड़ाई जारी रहेंगे। दरअसल गुरुवार को सुरेंद्र नाथ सिंह का एक ऑडियो वायरल हुआ जिसमें में वो नगर निगम के स्वास्थ अधिकारी कमर साकिब को फोन पर धमकाते हुए कह रहे हैं कि यदि अब अतिक्रमण हटाया तो वे नगर निगम की गाड़ियों में आग लगा देंगे और कर्मचारियों को नग्न कर पीटेंगे।





Be First to Comment