- नरोत्तम मिश्रा ने स्थगन प्रस्ताव पर बढ़ते अपराध पर अंकुश लगाने में फेल होने पर चर्चा कराने की मांग की
- दोबारा कार्रवाई शुरू हुई तो विपक्षी सदस्यों ने प्रश्नकाल पर फिर से हंगामा शुरू कर दिया
भोपाल. प्रदेश में बढ़ते अपराध पर विपक्ष के हंगामे के बीच विधानसभा अध्यक्ष ने कार्रवाई दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी है। असल में, कानून व्यवस्था पर सदन समवेत होते ही पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश में लचर कानून व्यवस्था का मुद्दा उठाया। नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव, भाजपा विधायक नरोत्तम मिश्रा समेत अन्य सदस्यों ने इस पर स्थगन प्रस्ताव पर चर्चा कराने की मांग की।
विधानसभा अध्यक्ष एनपी प्रजापति ने कहा कि बजट सत्र में स्थगन प्रस्ताव की कोई परंपरा नहीं है, इसलिए इस मुद्दे पर कोई चर्चा नहीं कराई जा सकती है। इस पर विपक्षी सदस्य हंगामे के बीच लॉबी में पहुंच गए। इसके बाद पक्ष और विपक्ष के सदस्य एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाते रहे।
आखिरकार जब हंगामा शांत नहीं हुआ तो स्पीकर एनपी प्रजापति ने सदन की कार्यवाही 5 मिनट के लिए स्थगित कर दी। दोबारा विधानसभा की कार्रवाई शुरू हुई, तो विपक्षी सदस्यों ने प्रश्नकाल के दौरान फिर से हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद स्पीकर सदन की कार्यवाही दूसरी बार दोपहर 12:00 बजे तक के लिए स्थगित कर दी। स्पीकर एनपी प्रजापति के बार-बार आग्रह के बाद भी प्रश्नकाल नहीं हो सका।





Be First to Comment