Press "Enter" to skip to content

अजरबैजान बोला- भारत अर्मेनिया को हथियार देना बंद करे: कहा- सैनिक तैनात कर रहा है वो हमारी सीमा पर, चुप नहीं रहेंगे खतरा बढ़ा तो /INTERNATIONAL

बाकू

अजरबैजान के राष्ट्रपति इल्हाम अलीयेव पहले भी भारत को अर्मेनिया को हथियार न देने की बात कह चुके हैं। (फाइल)

अजरबैजान के राष्ट्रपति इल्हाम अलीयेव ने भारत से मांग की है कि वो अर्मेनिया को हथियार देना बंद करे। राजधानी बाकू में COP29 से जुड़े कार्यक्रम में एक सवाल का जवाब देते हुए अलीयेव ने कहा, “यह हमारी देश की सुरक्षा से जुड़ा मुद्दा है। फ्रांस, भारत, ग्रीस जैसे देश अर्मेनिया को हमारे खिलाफ जाकर हथियार सप्लाई कर रहे हैं। ऐसे में हम हाथ पर हाथ रखकर बैठे नहीं रह सकते।”

राष्ट्रपति अलीयेव ने कहा, “हमने अर्मेनिया और उसे हथियार देने वाले देशों के सामने अपना रुख साफ कर दिया है। अगर हमारे देश की सुरक्षा को खतरा होगा तो हम इसके खिलाफ एक्शन लेंगे। अर्मेनिया हमारे खिलाफ अपनी सैन्य ताकत बढ़ा रहा है। वो हमारी सीमा पर अपने सैनिक तैनात कर रहा है। ऐसे में हम चुप नहीं रह सकते।”

तस्वीर 2019 की है, जब अर्मेनिया के प्रधानमंत्री निकोल पाशिन्यान ने PM मोदी से मुलाकात की थी।

अर्मेनिया को हथियार देने की वजह- कश्मीर
दरअसल, कारबाख को लेकर अजरबैजान और अर्मेनिया में लंबे समय से विवाद रहा है। पाकिस्तान और तुर्किये अजरबैजान को खुला समर्थन और सैन्य सहयोग देते हैं। इसके बदले अजरबैजान कश्मीर के मुद्दे पर पाकिस्तान का समर्थन करता है। पिछले साल भारत में मौजूद अजरबैजान के राजदूत अशरफ शिकालियेव ने कहा था कि पिछले 30 साल से अजरबैजान कश्मीर पर पाकिस्तान का साथ देता आया है।

ऐसे में भारत ने पिछले कुछ समय में अर्मेनिया के साथ रक्षा सहयोग बढ़ाया है। भारत ने पिछले साल जुलाई में अर्मेनिया को पिनाक रॉकेट लॉन्चर का पहला शिपमेंट डिलिवर किया था। पिनाक की डिलीवरी होने की खबर सामने आते ही अजरबैजान में राष्ट्रपति के सलाहकार हिकामत हाजियेव ने भारतीय राजूदत से मुलाकात की थी। इस दौरान उन्होंने भारत-अर्मेनिया में बढ़ते रक्षा सहयोग पर चिंता जताई थी।

अर्मेनिया-भारत के बीच 6 हजार करोड़ की डिफेंस डील
अर्मेनिया और भारत के बीच एक और डिफेंस डील है, जिसमें फ्रांस भी पार्टनर के तौर पर शामिल है। इसके तहत भारत अर्मेनिया को देश में बना एंटी-एयर सिस्टम आकाश एक्सपोर्ट करेगा। हवाई हमले रोकने वाले इस सिस्टम में तोप, गोला-बारूद और ड्रोन शामिल हैं।

इसके लिए दोनों देशों में करीब 6 हजार करोड़ रुपए का समझौता हुआ था। इस डील के बाद अजरबैजान के राष्ट्रपति ने कहा था कि भारत और फ्रांस इस डील के जरिए आग में घी डालने का काम कर रहे हैं। इन हथियारों के बाद भी अर्मेनिया कारबाख वापस नहीं ले सकता। अजरबैजान ने पिछले साल सितंबर में नागोर्नो-कारबाख इलाके पर कब्जा कर लिया था।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!