
Bhaiyyu Maharaj Suicide: ब्लैकमेलिंग का षड्यंत्र सेवादार विनायक और शरद ने रचा था। दोनों पलक को उकसाते थे। इससे तंग होकर महाराज ने ऐसा किया।
इंदौर। भय्यू महाराज आत्महत्या केस में पुलिस ने शुक्रवार को प्रमुख सेवादार विनायक दुधाले, शरद देशमुख और पलक पुराणिक नामक युवती को धारा 306, 384 और 34 के तहत गिरफ्तार कर लिया। यह इस मामले में पहली गिरफ्तारी है। पलक ने प्रेम संबंध बनाकर महाराज से लाखों रुपए ऐंठ लिए थे। पुलिस ने तीनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
एएसपी (पूर्वी-3) प्रशांत चौबे के मुताबिक, महाराज ने पिछले वर्ष घर में आत्महत्या कर ली थी। दूसरी पत्नी आयुषी ने आरोप लगाया कि पति को फूटी कोठी निवासी पलक पुराणिक और सेवादार विनायक दुधाले, शरद देशमुख ब्लैकमेल कर रहे थे। महाराज ने उनसे परेशान होकर आत्महत्या की थी।
इस मामले में शनिवार दोपहर डीआईजी हरिनारायणचारी मिश्र ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस लेकर इस हत्याकांड में हुए गिरफ्तार लोगों के बारे में अहम जानकारी दी। उन्होंने कहा कि, भय्यू महाराज के करीबी सेवादार विनायक और शरद ने पूरी साजिश रची थी। वो लड़की के साथ मिलकर महाराज को ब्लैकमेल कर रहे थे। पुलिस ने मोबाइल चैट के आधार पर जो जानकारी मिली है,उसके आधार पर इस साजिश का खुलासा किया। डीआईजी ने बताया कि, भय्यू महाराज की दूसरी शादी में भी विनायक युवती को लेकर पहुंचा था। जिसके सबूत वीडियो में मिले हैं।
केयर टेकर के तौर पर हुई थी पलक की एंट्री
पलक की महाराज की पहली पत्नी माधवी की मौत के बाद केयर टेकर के तौर पर एंट्री हुई थी। उसने महाराज के अकेलेपन का फायदा उठाया और प्रेम संबंध बना लिए। पलक उनके बेडरूम में ही रहने लगी। महाराज की अलमारी में ही कपड़े रखती थी। उसने महाराज का अश्लील वीडियो बना लिया था। व्हाट्सएप पर अश्लील चैटिंग कर सेव कर लेती थी।
इस बीच महाराज ने आयुषी से 17 अप्रैल 2017 को शादी कर ली। जैसे ही पलक को भनक लगी, उसने शादी का दबाव बनाया। इनकार करने पर उसने कहा था कि ‘तुम्हारे पास एक वर्ष का समय है।’ इस दौरान उसने महाराज से बहन की शादी व कपड़े, ज्वेलरी, मोबाइल के नाम पर 25 लाख रुपए ऐंठ लिए। पलक का अल्टीमेटम जून में समाप्त हो रहा था। उसने कहा कि 16 जून को शादी करें, वरना शनि महाराज जैसा हाल होगा।
पलक को उकसाते थे विनायक और शरद
एएसपी के मुताबिक, ब्लैकमेलिंग का षड्यंत्र सेवादार विनायक और शरद ने रचा था। दोनों पलक को उकसाते थे। महाराज ने पलक से पीछा छुड़ाने की कोशिश की। वे मोबाइल नंबर बदलकर कमरे में छिप जाते थे। विनायक मौका देखकर पलक को कॉल कर देता था। महाराज से कहता था कि वह दुष्कर्म का केस दर्ज करवाने की धमकी दे रही है। विनायक मुंह बंद करने के नाम पर लाखों रुपए महीने लेकर जाता था। महाराज को कई बीमारियां थीं। विनायक और पलक उन्हें दवा देते थे। विनायक शारीरिक रूप से कमजोर करने की गोलियां खिला देता था।
व्हाट्सएप पर महाराज-पलक की अश्लील चैटिंग मिली
जून 2017 में जब महाराज आयुषी से शादी कर रहे थे, तब विनायक और शरद ने कॉल कर पलक को सिल्वर स्प्रिंग स्थित घर बुला लिया। पलक व महाराज के मोबाइल का डेटा रिकवर करवाया तो अश्लील चैटिंग और विनायक से बातचीत भी मिल गई।






Be First to Comment