शिवपुरी। बैराड़ कस्बे में मुख्य बाजार में लगे एसबीआई के एटीएम में शनिवार की रात 9 बजकर 15 मिनट पर बाइक से आए दो बदमाशों ने मशीन को गैस कटर से काट कर चोरी करने का प्रयास किया। चोर एटीएम को काटने में तो काफी हद तक सफल हो गए लेकिन तभी एटीएम का गार्ड आ गया और उन्हें भागना पड़ गया। बताया जा रहा है कि चोर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हैं, लेकिन फिलहाल अवकाश व रात होने के चलते के चलते सीसीटीवी फुटेज सामने नहीं आ सके हैं।
बाहर पहरेदारी कर रहा था एक चोर
एटीएम में चोरी करने की मंशा से आये चोर गिनती में दो बताए जा रहा हैं, लेकिन इनमें से एक बदमाश बूथ के अंदर गया और गैस कटर से उसने मशीन काटी। दूसरा चोर बाइक लेकर बाहर चौकीदारी करता रहा, जैसे ही उसे एटीएम का गार्ड आता दिखाई दिया तो उसने अंदर मशीन काट रहे चोर को सूचना दे दी और फिर वह दोनों बाइक पर सवार होकर पोहरी की तरफ भाग गए।
50 मीटर दूर खड़ी होती है एफआरबी
चोरों के हौसले कितने बुलंद थे इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जिस जगह एटीएम काटने का प्रयास किया गया है, वहां से 50 मीटर की दूरी पर ही धोरिया रोड पर पुलिस का एफआरबी खड़ा होता है। इसके बाबजूद भी उन्होंने एटीएम काटने का प्रयास किया। सूत्रों का कहना है कि घटना के समय भी वाहन उसी क्षेत्र में मौजूद था और सूचना मिलने के बाद भी तत्काल घेराबंदी का पुख्ता प्रयास नहीं किया गया। यही वजह है कि बदमाशों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं।




