,

साढ़े चार लाख रुपये और सोने-चांदी के आभूषण मांगने पर महिला से मारपीट, फांसी पर लटकाने और अपहरण कर दुष्कर्म के प्रयास का आरोप / Shivpuri News

शिवपुरी। जिले के मायापुर थाना क्षेत्र के गीतोरा गांव से एक महिला ने अपने ही भाइयों पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। ग्वालियर के बड़े गांव खुरेरी निवासी रामप्यारी आदिवासी (31) ने आवेदन में बताया कि वह 17 नवंबर 2026 को अपने मायके गीतोरा आई थी। अगले दिन 18 नवंबर को उसने अपने भाइयों करण सिंह आदिवासी, परमल आदिवासी, हरि आदिवासी और लखन आदिवासी से उधारी के 4 लाख 50 हजार रुपये तथा सोने-चांदी के आभूषणों की रकम वापस मांगी। आरोप है कि इस बात पर भाइयों ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की तथा घर के अंदर कुंडी से फांसी पर लटका दिया। महिला का दावा है कि उसने रस्सी काटकर अपनी जान बचाई और इसके बाद बेहोश हो गई।

रामप्यारी के अनुसार, घटना की सूचना मायापुर थाने को दी गई थी, जिसके बाद पुलिसकर्मी उसे थाने ले गए, लेकिन 19 नवंबर को उसकी शिकायत पर उचित कार्रवाई किए बिना उसे थाने से भगा दिया गया। महिला ने आगे आरोप लगाया कि रकम वापस मांगने के लिए जब वह अपने भाई करण सिंह की ससुराल पहुंची तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद अन्य लोगों की मदद से उसका अपहरण कराया गया और पूरी रात तीन-चार लोगों ने उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। महिला ने अपनी बहन सुकून आदिवासी और भतीजे गणेशराम आदिवासी को घटना का महत्वपूर्ण गवाह बताया है।

पीड़िता ने 26 नवंबर को पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर भाइयों सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ अपहरण, मारपीट, फांसी पर लटकाने और दुष्कर्म के प्रयास के आरोपों की निष्पक्ष जांच कर आपराधिक मामला दर्ज करने की मांग की है। साथ ही मायापुर थाना प्रभारी और संबंधित पुलिसकर्मियों पर शिकायत में कार्रवाई नहीं करने के आरोप लगाते हुए जांच की मांग की है।