सरसों की फसल लेकर जा रहे किसान के ट्रेक्टर में कंटेनर ने मारी टक्कर, घायल / Badarwas News

शिवपुरी। बदरवास थाना क्षेत्र के तहत आने वाले फोरलेन हाइवे चितारा के पास एक कंटेनर चालक ने तेजी व लापरवाही से वाहन को चलाते हुए ट्रेक्टर में टक्कर मार दी जिससे चालक घायल हो गया। वहीं घटना के बाद कंटेनर चालक वाहन को छोड़कर फरार हो गया। मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

 

जानकारी के अनुसार नरपालसिंह पुत्र रामसिंह यादव 35 वर्ष निवासी ग्राम चंदौरिया ने बताया कि बीते रोज उसके चाचा उदयभानसिंह यादव अपने ट्रेक्टर—ट्रॉली से सरसों भरकर अपने गांव से कोलारस मंडी में बेचने ले जा रहा थे उनके साथ गांव का रामवीर यादव भी था। मैं और जीतू बैरागी अपनी बाइक से पीछे—पीछे जा रहे थे। रात करीब 10:30 बजे जैसे ही ट्रेक्टर फोरलाइन हाइवे चितारा गांव के तिराहे पर पहुंचा तभी गुना तरफ से आ रहे कंटेनर क्रमांक HR 38 X4881 का चालक अपने कंटेनर को तेजी व लापरवाही पूर्वक चलाकर लाया और पीछे से चाचा उदयभान के ट्रेक्टर ट्राली मे टक्कर मार दी जिससे ट्रेक्टर पलट गया तथा ट्राली क्षतिग्रस्त हो गई । ट्रेक्टर पलटने से उदयभान घायल हो गया। वहीं घटना के बाद कंटेनर चालक मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी पुलिस को दी। जिस पर मौके पर पुलिस पहुंची और 108 से घायल को इलाज के लिए कोलारस लेकर आए लेकिन गंभीर हालत होने की वजह से डॉक्टरों ने उदयभान को शिवपुरी जिला अस्पताल रैफर कर दिया।