
ग्वालियर। सेना में पदस्थ जवान के एटीएम खाते से 1.6 लाख रुपए ठग लिए गए हैं। जवान बॉर्डर पर पदस्थ है। जबकि एटीएम कार्ड उसकी पत्नी के पास रहता है। एटीएम कार्ड फरियादी के पास है। बीते दिनों में न तो एटीएम बदला या खोया है न ही किसी से कोई डिटेल शेयर की है। घटना 1व 2 अगस्त की दरमियानी रात हुई है। कैश एटीएम से निकाला गया है। सेना के जवान की पत्नी ने गोला का मंदिर थाना में ठगी की शिकायत की है। जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
शहर के आदित्यपुरम निवासी जितेन्द्र सिंह चौहान सेना में जवान है। अभी वह जम्मू-कश्मीर में पदस्थ हैं। यहां घर में जितेन्द्र की पत्नी अनुपमा सिंह व अन्य सदस्य रहते हैं। जवान का गोला का मंदिर मेला रोड स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ब्रांच में खाता है। जिसका एटीएम कार्ड पत्नी अनुपमा के पास ही रहता है। 1 अगस्त की रात 11.30 से रात 12.30 बजे के बीच उनके खाते से 1.6 लाख रुपए किसी ने निकाल लिए।
2 अगस्त की सुबह जब फौजी की पत्नी ने मोबाइल पर मैसेज देखे तो रुपए निकलने का पता लगा। इसके बाद वह बैंक पहुंची और कार्ड ब्लॉक कराया। बैंक से उनको जानकारी मिली कि कैश एटीएम कार्ड का उपयोग कर निकाला गया है। जबकि उन्होंने बताया कि एटीएम कार्ड उनके पास है और उन्होंने उसका उपयोग ही नहीं किया है। ऐसा भी नहीं है कि एटीएम कार्ड की डिटेल किसी से शेयर की हो। इस पर वह गोला का मंदिर पहुंची और शिकायत की। पुलिस ने तत्काल जांच के बाद ठगी का मामला दर्ज कर लिया है।
5 दिन पहले आखिरी बार यूज किया था कार्ड
अनुपमा ने पुलिस को बताया कि 28 जुलाई को उन्हें घर में कुछ सामान लाने के लिए रुपयों की जरूरत थी। जिस पर उन्होंने पिंटो पार्क एसबीआई के एटीएम पर जाकर 10 हजार रुपए निकाले थे। पुलिस को आशंका है कि महिला के एटीएम कार्ड की क्लोनिंग कर वारदात को अंजाम दिया गया है। पिछले 2 महीने में इस तरह की 17 से 18 वारदातें हो चुकी है। पुलिस क्लोनिंग कर ठगी करने वालों का अभी तक कोई तोड़ नहीं निकाल सकी है।





Be First to Comment