चूरु

राजस्थान में लोकसभा चुनाव के प्रचार की कमान पीएम नरेंद्र मोदी ने अपने हाथ में ले ली है। मोदी चार दिन में दूसरी बार आज राजस्थान में होंगे। वे हाईप्रोफाइल सीट बन चुकी चूरू में जनसभा को संबोधित करेंगे। यहां से भाजपा ने वर्तमान सांसद का टिकट काटकर पैरालंपियन देवेंद्र झाझड़िया को उतारा है।
वहीं, कांग्रेस ने भाजपा छोड़कर हाल ही में पार्टी का दामन थामने वाले राहुल कस्वां को टिकट दिया है। कस्वां ने पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ पर टिकट कटवाने का अरोप लगाते हुए भाजपा से इस्तीफा दे दिया था।
राजनीतिक जानकारों के अनुसार मोदी आज की सभा से चूरू के साथ झुंझुनूं, सीकर और श्रीगंगानगर-हनुमानगढ़ लोकसभा सीटों को भी साधेंगे।
इससे पहले मोदी ने 2 अप्रैल को जयपुर ग्रामीण लोकसभा क्षेत्र के कोटपूतली में भी जनसभा की थी। राजस्थान के चुनावी अभियान में भाजपा ने मोदी के साथ दूसरे बड़े नेताओं को भी उतार दिया है। इनमें पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह जैसे नाम शामिल हैं।
कड़ी सुरक्षा के प्रबंध, ट्रैफिक में बदलाव
- सभा स्थल पर 60 हजार लोगों के बैठने के लिए कुर्सियां लगाई गई हैं। सभा में 50 हजार से अधिक लोगों के खड़े रहने की भी व्यवस्था की गई है।
- सभा स्थल में महिलाओं और दिव्यांगजनों के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि जनसभा को लेकर 1050 गुणा 300 स्कवायर फीट में जर्मन हेंगर डॉम लगाया गया है।
- वहीं, 64 गुणा 40 स्कवायर फीट का स्टेज होगा, जिसकी ऊंचाई करीब आठ फीट रहेगी।
- एसपी जय यादव ने बताया कि पीएम मोदी की सभा को लेकर सभा क्षेत्र नो फ्लाइंग जोन रहेगा। उन्होंने बताया कि चूरू में सरदारशहर, रतनगढ़ की तरफ से जाने वाले चूरू से होते हुए राजगढ़ रोड और झुंझुनूं की तरफ जाने वाले बड़े वाहनों के चूरू में आने पर पूर्णतया प्रतिबंध रहेगा।
- छोटे वाहन पंखा सर्किल से सुभाष चौक, मुमताज अस्पताल, नई सड़क और रेलवे स्टेशन होते हुए निकलेंगे। इस रूट से सभा में आने वाले सभी छोटे-बड़े वाहन कृषि मंडी, जिला स्टेडियम में पार्क करेंगे।
बिल्डिंग पर तैनात है NSG कमांडो
सुबह से ग्राउंड के बाहर पुलिसकर्मी मौजूद है, हर आने-जाने वाली गाड़ियों की तलाशी ली जा रही है। पुलिस लाइन की बिल्डिंग पर NSG के कमांडो तैनात हैं। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच साढ़े 10 बजे तक पीएम के आने का समय प्रस्तावित है। सभा स्थल पर VVIP पास जारी किए गए हैं। कार्यकर्ताओं और आम-जन के लिए कोई पास नहीं है उन्हें तलाशी के बाद अंदर भेजा जा रहा है। एक-एक व्यक्ति की कैमरे से स्कैनिंग की जा रही है इसके बाद ही उन्हें प्रवेश मिल रहा है।
चूरू जिले के अलावा RAC की टुकड़ियां और NSG और SPG के कमांडो मौजूद हैं।





Be First to Comment