शिवपुरी: जिले के बामौरकलां थाना क्षेत्र में खनियांधाना-बामौरकलां मार्ग पर सोमवार दोपहर एक सड़क हादसा हो गया। खेरवाई नदी की पुलिया के पास एक कार और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। इस दुर्घटना में युवक के पिता और कार ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार अनियंत्रित होकर पुल से करीब 20 फीट नीचे खेरवाई नदी में जा गिरी।
जानकारी के अनुसार, बाइक सवार पिता-पुत्र चोकखेड़ा गांव से खनियांधाना ट्रैक्टर की किस्त जमा करने जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक खेरवाई नदी की पुलिया पर पहुंची, सामने से आ रही कार से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
इस दुर्घटना में बाइक सवार युवक गौरव यादव की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई थी। उसे तत्काल शासकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, गौरव के पिता अतर सिंह यादव को गंभीर हालत में प्राथमिक उपचार के बाद झांसी रेफर किया गया है। नदी में गिरी कार का ड्राइवर हरिओम आदिवासी भी गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसका इलाज अस्पताल में जारी है।
हादसे की सूचना मिलते ही बामौरकलां थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया और घायलों को एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मृतक के शव को मॉर्च्युरी में रखवाया है।
फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है।









Be First to Comment