शिवपुरी: जिले से मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत 279 तीर्थ यात्रियों को लेकर तीर्थ यात्री स्पेशल ट्रेन 03 दिसम्बर को प्रात: 07 बजे मां कामाख्या देवी, गुवाहाटी असम के लिए तीर्थ दर्शन हेतु रवाना होगी।
जिला शहरी विकास अभिकरण के परियोजना अधिकारी एवं यात्रा के नोडल अधिकारी सौरभ गौड ने बताया कि योजनान्तर्गत शिवपुरी जिले की 08 जनपद पंचायतों एवं 11 नगरीय निकायों से लगभग 1100 आवेदन प्राप्त हुए। जिनके ऑनलाईन कम्प्यूटराइज्ड लॉटरी सिस्टम के माध्यम से रेण्डमाईजेशन पश्चात 279 तीर्थ यात्रियों को कामाख्या तीर्थ यात्रा हेतु चयनित किया गया। आईआरसीटीसी भोपाल से प्राप्त चयनित 279 तीर्थ यात्रियों के टिकट संबधित जनपद/निकाय के माध्यम से वितरित किये गये हैं। समस्त चयनित तीर्थ यात्रियों से अपील की गई है कि समस्त तीर्थ यात्री अपने साथ पहचान पत्र के रूप में आधारकार्ड/वोटर आईडी/पैन कार्ड एवं एक फोटो अनिवार्य रूप से साथ रखें। इसके साथ ही मौसम के अनुरूप वस्त्र गर्म कपडे स्वेटर, मोजे तथा व्यक्तिगत उपयोग की सामग्री कंबल, चादर, तौलिया, साबुन, कंघा एवं आवश्यक दवाइयां आदि भी साथ में रखें।
यात्रा के दौरान यात्रियों को पेजयल, चाय, नाश्ता, भोजन एवं ठहरने आदि की व्यवस्था रेलवे आईआरसीटीसी द्वारा की जावेगी। जिसके लिए किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं देना होता है। तीर्थ यात्री अपने साथ छोटे बच्चे एवं अटेण्डर जिनके टिकट न हो साथ में लेकर न आयें। ट्रेन में बिना टिकट चढने वाली यात्रियों को अगले स्टेशन पर उतारा जा सकेगा। जिला प्रशासन द्वारा समस्त चयनित 279 यात्रियों से प्रात: 7 बजे तक अपने टिकट के साथ शिवपुरी रेलवे स्टेशन पर पहुंचने का अनुरोध किया है।





