शिवपुरी। कोतवाली पुलिस ने बागेश्वर धाम की कलश यात्रा के दौरान महिलाओं के गले से सोने के जेवर चोरी करने वाली छह सदस्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए आरोपित महिलाओं को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने इनके कब्जे से पाँच सोने की चैन, दो मंगलसूत्र और एक सोने का पेंडल कुल लगभग 15 लाख रुपये कीमत का माल बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार दिनांक 24 नवंबर को शिवपुरी निवासी नीलम पत्नी मनोज शर्मा तथा जानकी भार्गव पत्नी स्व. डी.पी. भार्गव ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि बागेश्वर धाम की कलश यात्रा के दौरान राजेश्वरी मंदिर परिसर में अज्ञात महिलाएँ उनकी सोने की चैन और मंगलसूत्र चोरी कर ले गईं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शिवपुरी अमन सिंह राठौड़ ने तत्काल अज्ञात आरोपियों की तलाश के निर्देश दिए। कोतवाली थाना प्रभारी टीआई कृपाल सिंह राठौड़ द्वारा टीम गठित कर शहर के सीसीटीवी कैमरों की गहन पड़ताल शुरू की गई। इसी दौरान 25 नवंबर को सूचना मिली कि हवाई पट्टी क्षेत्र में पाँच-छह महिलाएँ भीड़ में धक्का-मुक्की करते हुए महिलाओं के गले से चैन खींचने का प्रयास कर रही हैं। टीम ने मौके पर पहुँचकर सभी संदिग्ध महिलाओं को पकड़ा और पूछताछ की।
पूछताछ में महिलाओं ने अपने नाम पूजा पत्नी जैकी कुमार, मुस्कान पत्नी अरुण कुमार, आरती पत्नी आलोक कुमार, लक्ष्मी देवी पत्नी आकाश कुमार, माधुरी पत्नी सन्नी उर्फ जोगी कुमार तथा करीना पत्नी सचिन कुमार बताए। सभी आरोपी उत्तर प्रदेश के आजमगढ़, मऊ और चंदौली क्षेत्रों की निवासी पाई गईं। उन्होंने स्वीकार किया कि शिवपुरी में बागेश्वर धाम की कथा में बड़ी भीड़ होने की जानकारी मिलने पर वे 23 नवंबर को शिवपुरी पहुंची थीं। कलश यात्रा में लाल-पीली साड़ियाँ पहनकर शामिल होकर ये महिलाएँ भीड़ का फायदा उठाते हुए धक्का-मुक्की कर महिलाओं के गले से चैन और मंगलसूत्र चोरी करती थीं और तुरंत एक-दूसरे को माल थमा देती थीं। गिरोह ने कलश यात्रा के दौरान झांसी तिराहे के आगे भी कई महिलाओं के गले से सोने के आभूषण चोरी करने की बात कबूल की है। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर चोरी गया पूरा माल बरामद कर लिया है।
इस कार्यवाही में थाना प्रभारी कोतवाली टीआई कृपाल सिंह राठौड़, उपनिरीक्षक सुमित शर्मा, उपनिरीक्षक पूजा घुरैया, उपनिरीक्षक रामेन्द्र चौहान (थाना दिनारा), प्रधान आरक्षक संतोष बैस, प्रधान आरक्षक मनीष पचौरी, महिला आरक्षक मोनिका सिंह, महिला आरक्षक पूजा रावत, महिला आरक्षक सीतू सिंह, आरक्षक अंकित शर्मा की विशेष भूमिका रही।








Be First to Comment