शिवपुरी। खबर पुलिस अधीक्षक कार्यालय से है जहां करैरा थाना क्षेत्र के ग्राम बड़ौरा की रहने वाली लक्ष्मी विश्वकर्मा ने पुलिस अधीक्षक शिवपुरी को आवेदन देकर आरोप लगाया है कि पड़ोसी परिवार ने उसके और उसके बच्चों पर गंभीर हमला किया, लेकिन थाने में उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। महिला का कहना है कि दिनांक 27 नवंबर 2025 की रात करीब 7 बजे पनीर विश्वकर्मा, भूरा विश्वकर्मा, सीमा विश्वकर्मा और संजीव विश्वकर्मा उसके घर आए और गालियां देते हुए उस व उसके पुत्र केशव विश्वकर्मा को लात-घूसों से बुरी तरह पीटा। आरोप है कि विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।
पीड़िता ने बताया कि घटना की शिकायत लेकर वह करैरा थाना पहुंची, लेकिन विस्तृत रिपोर्ट दर्ज करने के बजाय एनसीआर दर्ज की गई। महिला का दावा है कि आरोपीगण पहले भी विवाद खड़ा कर चुके हैं और लगातार धमकियां दे रहे हैं, जिससे उसके परिवार की सुरक्षा खतरे में है।
आवेदन में यह भी उल्लेख है कि उसी दिन आरोपी पक्ष की महिला मालती विश्वकर्मा ने छत से पत्थर फेंककर उसकी पुत्रवधू मीना विश्वकर्मा को घायल कर दिया, जिससे उसे चोट आई और खून बहने लगा। पीड़िता का कहना है कि आरोपी आदतन अपराधी हैं, जिनके विरुद्ध पूर्व में करैरा थाने में अपराध दर्ज हो चुका है। आरोप है कि वे उसकी खेती में बाधा डालते हैं, भूमि हड़पने की कोशिश करते हैं और उसकी बिजली का जबर्दस्ती उपयोग करते हैं। लक्ष्मी विश्वकर्मा ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि आरोपियों पर आपराधिक प्रकरण दर्ज कर उसके परिवार को जान-माल की सुरक्षा प्रदान की जाए, ताकि भविष्य में कोई अप्रिय घटना न हो।







Be First to Comment