Press "Enter" to skip to content

शिवपुरी में स्कूटी चलाते समय कीचड़ उछलने से शुरु हुआ विवाद हत्या तक पहुँचा, पढ़िए खबर / Shivpuri News

शिवपुरी: जिले के गोवर्धन थाना क्षेत्र में शुक्रवार को कीचड़ उछलने को लेकर हुए मामूली विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। इस विवाद में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। पुलिस ने इस मामले में छह आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

दरअसल गोवर्धन थाना क्षेत्र के रहने वाले अमन जादौन (20) पुत्र माधौसिंह जादौन निवासी गोवर्धन ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे वह बस स्टैंड से घर लौट रहा था। इसी दौरान अवधेश शर्मा की दुकान के पास राहुल उर्फ बिद्ध तोमर नाम के युवक ने सड़क पर तेजी से स्कूटी निकाली, जिससे सड़क पर पड़ा कीचड़ अमन पर उछल गया। अमन ने राहुल को स्कूटी धीरे चलाने को कहा। इसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई।

इसके बाद शाम को स्कूटी सवार राहुल अपने परिजनों के साथ अमन के घर पहुंच गया और गाली-गलौज करने लगा। विवाद यहीं नहीं रुका। रात करीब 9:30 बजे राहुल उर्फ बिद्ध तोमर अपने साथियों रघुवीर तोमर, बलवीर तोमर, लोकेन्द्र तोमर, शिवम तोमर और कुलदीप तोमर के साथ हथियार लेकर अमन के घर के सामने पहुंचे और हमला कर दिया।

इस हमले में पीड़ित अमन, उसके पिता माधौसिंह जादौन, चाचा बलवीर जादौन और मनीष जादौन गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर गए, लेकिन बलवीर जादौन की रास्ते में ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल मनीष जादौन को शिवपुरी रेफर किया गया। गोवर्धन थाना प्रभारी ने बताया कि राहुल उर्फ बिद्ध तोमर, रघुवीर तोमर, बलवीर तोमर, लोकेन्द्र तोमर, शिवम तोमर और कुलदीप तोमर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!