Press "Enter" to skip to content

यात्री बसों में न तो सीसीटीवी कैमरे लगाए गए, न बीच में रूकना हुआ बंद, एक महीने बाद भी नहीं हुआ आरटीओ के आदेशों पर अमल, भूले अधिकारी / Shivpuri News

शिवपुरी। शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार करने के साथ-साथ यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला परिवहन अधिकारी रंजना सिंह कुशवाह सहित यातायात प्रभारी रणवीर सिंह यादव तहसीलदार सिद्धार्थ शर्मा ने एक महीने पहले 27 सितम्बर को पुलिस कंट्रोल रूम में एक बैठक की। इस बौठम में आरटीओ ने बस आपरेटरों को बुलाकर सख्त लहजे में दिशा निर्देश जारी किए गए कि 28 अगस्त से सभी यात्री बसों में सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरे होना अनिवार्य है। इसके अलावा बसों का संचालन करते समय सभी बसें केवल गुना बायपास, ग्वालियर बायपास और बस स्टेण्ड पर ही रूकेंगी। रास्ते में कोई भी बस नहीं रूकेगी, अगर रास्ते में बसें रूकते हुए पाई गईं तो उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उक्त आदेश को एक महीना पूरा हो चुका है, परंतु आज तक एक भी यात्री बस में सीसीटीवी कैमरा नहीं लगाया गया है, इसके अलावा बसें अभी भी बस स्टैंड छोड़ने के बाद बीच रास्ते में रूक कर यात्रियों को बिठा रही हैं। अधिकारी आदेश देकर भूल गए और बस चालकों ने दिए गए आदेशों पर पूर्णत: अमल नहीं किया है। हालात आज भी जस की तस है जैसे पहले थे।

यात्री काउंटर से टिकिट लें, दिव्यांगों को किराए में छूट
आरटीओ ने कहा था कि जल्द ही बस स्टेण्ड पर टिकिट काउण्टर की व्यवस्था की जा रही है। टिकिट काउण्टर से ही यात्री टिकिट लें। जिससे यात्रियों को यात्रा करने में असुविधा न हो। इसके साथ ही सभी बसों ऑपरेटरों को निर्देशित किया कि यदि आपके बस में कोई दिव्यांग यात्री यात्रा कर रहा है तो उससे किराये में 50 प्रतिशत की छूट देना अनिवार्य है। हालात यह हैं कि दिखाने के लिए बस स्टैंड पर काउंटर तो बना दिए गए हैं, परंतु यहां आज भी कोई टिकिट काटने के लिए नहीं बैठता है। बसों का स्टाफ आवाज लगाकर यात्रियों को सीधा बस में बिठाता है और बस में भी उन्हें टिकिट नहीं दिया जा रहा है।

बिना परमिट बस संचालन पर चालान निर्धारित
आरटीओ रंजना सिंह कुशवाह ने यह भी कहा कि किसी भी रूट पर कोई भी बस बिना परमिट के संचालित नहीं होनी चाहिए। यदि कोई बस बिना परमिट के संचालित पाई जाती है। तो उस बस के खिलाफ एक हजार रुपये प्रति सीट का जुर्माना देय होगा एवं वैधानिक कार्यवाही की जायेगी, परंतु अभी तक बसों के परमिट आदि चैक करने के लिए कोई विशेष अभियान दिखाई नहीं दिया है।

ये भी दिए थे दिशा निर्देश
बैठक के दौरान नगर पालिका को सूचित किया की पोहरी बस स्टेण्ड पर एवं ग्वालियर बायपास पर शौचालय की व्यवस्था की जाए, लेकिन अभी तक धरातल पर कहीं भी शाैचालय का प्रबंध नगर पालिका द्वारा नहीं किया गया है। 

आरटीओ ने बस और आटो चालकों की पहचान चिन्हित करने के लिए स्पष्ट रूप से हिदायत दी थी कि सभी बस ड्राइवर आटो ड्राइवर अपनी बर्दी में मय नेम प्लेट के साथ बसों का एवं आटो का संचालन करें। एक महीने बाद भी बस और आटो चालक बर्दी में नजर नहीं आ रहे हैं।

इनका कहना है
-मैं अभी सीएम साहब के कार्यक्रम की तैयारियों में व्यस्त हूं। इस कार्यक्रम के उपरांत बैठक में दिए गए निर्देशों के पालन के संबंध में मानीटरिंग कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
रंजना कुशवाह
आटीओ, शिवपुरी
-वैसे तो हमने लगातार कार्रवाई कर बसों का बीच रास्ते में रूकना बंद करवाने का पूरा प्रयास किया है और काफी हद तक बसें रूक भी नहीं रही हैं, लेकिन इसके बाद भी अगर बसें रूक रही हैं तो फिर से कार्रवाई करेंगे।
रणवीर सिंह यादव
यातायात प्रभारी

ये बोले यात्री
-बसों में कहीं कोई सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं, छोटे रूट तो दूर बड़े रूट की भी किसी बस में कैमरे नजर नहीं आते हैं। न ही यात्री निर्धारित ड्रेस कोड में नजर आते हैं।
कृष्णा शर्मा
यात्री
-यहां काउंटर तो दूर बस के अंदर भी यात्रियों को टिकिट नहीं दिए जा रहे हैं। अगर कोई यात्री बहुत जिद करता है जब भी उसे टिकिट नहीं दिया जाता है। इसके अलावा दिव्यांगों को भी टिकिट में 50 प्रतिशत छूट भी नहीं दी जा रही है।
नासिर खान
दिव्यांग यात्री

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!