शिवपुरी: पोहरी अनुविभाग के सिरसौद थाना क्षेत्र में पारिवारिक जमीनी विवाद के चलते एक दर्दनाक घटना सामने आई है। ग्राम सिरसौद निवासी महेश वर्मा (स्व.) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मृतक के बेटे ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया है कि उसके पिता को रिश्तेदारों ने जहरीला पदार्थ पिलाकर मौत के घाट उतार दिया। इस मामले पर थाने सिरसौद पर 2 लोगों पर मामला दर्ज कर लिया है
मृतक के बड़े बेटे योगेश धाकड़ (24) ने पुलिस को बताया कि परिवार के बीच कई दिनों से जमीन का विवाद चल रहा था। दरअसल, पोहरी रोड पावर हाउस के पास करीब सात बीघा जमीन दादा पदम सिंह वर्मा और उनके भाई स्व. बद्री धाकड़ के बीच बंटी हुई थी। पदम सिंह वर्मा के हिस्से की जमीन सर्वे नंबर 40/01 रोड साइड पर थी, जबकि बद्री धाकड़ के हिस्से की जमीन सर्वे नंबर 40/02 पीछे के हिस्से में थी। इस पर दोनों परिवार अलग-अलग खेती करते आ रहे थे।
योगेश ने बताया कि 21 मई को जब वह अपने दादा के साथ खेत पर गया तो बद्री धाकड़ के बेटे विजय और भरत धाकड़ उनके हिस्से की जमीन पर जुताई कर रहे थे। जब इसका विरोध किया गया तो आरोपियों ने गाली-गलौज कर झगड़ा किया और जान से मारने की धमकी भी दी। इसकी शिकायत थाने में की गई थी।
योगेश ने बताया कि 15 सितंबर की शाम करीब 7 बजे उसकी छोटी बहन अंजली धाकड़ ने फोन कर सूचना दी कि उनके पिता महेश वर्मा पर हमला हुआ है। बहन ने बताया कि चाचा अजय धाकड़ के यहां से फोन कर रही है और आरोप लगाया कि विजय धाकड़, देवेंद्र धाकड़, भरत धाकड़ और वर्षा धाकड़ घर आए और जमीन विवाद को लेकर गाली-गलौज की। जब पिता ने गाली देने से रोका तो आरोपियों ने उन्हें शराब की बोतल में जहरीला पदार्थ पिला दिया।
इसके बाद परिजन महेश वर्मा को लेकर जिला अस्पताल शिवपुरी पहुंचे, जहां एक घंटे तक इलाज चला। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज शिवपुरी रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में चार-पांच घंटे इलाज चला लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ। स्थिति बिगड़ने पर परिजन उन्हें ग्वालियर के शुभम अस्पताल ले गए, जहां 19 सितंबर की सुबह डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक का पोस्टमार्टम जे.ए.एच. अस्पताल, ग्वालियर में कराया गया।
थाना सिरसौद पुलिस ने मृतक के बेटे योगेश धाकड़ के कथनों के आधार पर 2 लोगों पर मामला दर्ज कर लिया है.








Be First to Comment