शिवपुरी: शहर के देहात थाना क्षेत्र में गुरुवार रात चोरी की घटना हुई। झांसी तिराहा स्थित तुलसी नगर कॉलोनी में चोरों ने एक घर और दुकान को निशाना बनाया। वारदात के बाद कॉलोनी में दहशत का माहौल है।
तुलसी नगर निवासी अवधेश दीक्षित ने बताया कि घटना रात 1 से 2 बजे के बीच की है। चोर दीवार चढ़कर छत से अंदर घुसे। उन्होंने अलमारी तोड़ी और उसमें रखे दो मंगलसूत्र, एक अंगूठी, चांदी की पायल और करीब 1600 रुपए चोरी कर लिए। उनकी बहन को हल्की आहट हुई, लेकिन उठने तक चोर भाग निकले।
चोरों ने घर के सामने स्थित दुकान का ताला भी तोड़ा। वहां से करीब 6 हजार रुपए नगदी चुरा ली गई। सुबह लोगों को घटना की जानकारी हुई तो वे मौके पर जमा हो गए।
सूचना मिलने पर देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही चोरों का सुराग लगाकर उन्हें पकड़ा जाएगा।





