शिवपुरी: जिले के ग्राम रोजगार सहायकों ने बुधवार को जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) को एक ज्ञापन सौंपा। सहायकों ने बताया कि उन्हें पिछले तीन माह से अधिक समय से वेतन नहीं मिला है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है। उन्होंने तत्काल वेतन भुगतान की मांग की है।
रोजगार सहायकों ने आरोप लगाया कि जन मन आवास निर्माण में उन पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है। कार्य पूरा न होने पर उन्हें लगातार नोटिस दिए जा रहे हैं, जिससे मानसिक प्रताड़ना बढ़ रही है। उन्होंने यह भी कहा कि अधिकारी उनसे घंटों इंतजार करवाकर अपराधियों जैसा व्यवहार करते हैं, जिससे वे भय के माहौल में काम करने को मजबूर हैं।
रोजगार सहायक संघ के जिला अध्यक्ष राजेश रावत ने बताया कि मध्य प्रदेश में पिछले दो माह में मानसिक प्रताड़ना और कार्य दबाव के कारण लगभग 16 ग्राम रोजगार सहायकों की असमय मृत्यु हो चुकी है। उन्होंने शिवपुरी में भी ऐसी किसी अनहोनी की आशंका जताई है।
सहायकों ने अपनी पांच सूत्रीय मांगों में लंबित वेतन का शीघ्र भुगतान, आवास निर्माण में बाधा डालने वाले हितग्राहियों पर कार्रवाई, झूठी सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की जांच, सेवा समाप्त किए गए सहायकों को बहाल करने और नेट रिचार्ज के लिए 1000 रुपए की राशि दिए जाने की मांग शामिल की है।
रोजगार सहायकों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो वे कलमबंद हड़ताल करने के लिए बाध्य होंगे। इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।







Be First to Comment