शिवपुरी: जिले के अमोला थाना क्षेत्र के सिरसौद गांव में मंगलवार को श्रद्धालुओं की आस्था को झकझोर देने वाली घटना सामने आई। गांव के खूबतपुरा मुक्तिधाम मार्ग पर स्थित लगभग 70 वर्ष पुराना शिवलिंग अज्ञात शरारती तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त कर दिया गया। यह शिवलिंग ग्रामीणों की गहरी आस्था का केंद्र था और वर्षों से धार्मिक पहचान का प्रतीक बना हुआ था।
घटना की जानकारी मिलते ही सरपंच अतरसिंह लोधी ग्रामीणों के साथ सुबह 10 बजे मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों का कहना है कि इस इलाके में अक्सर जुआरियों का आना-जाना रहता है और आशंका जताई जा रही है कि इसी वर्ग के लोगों ने इस कृत्य को अंजाम दिया होगा। घटना के बाद सरपंच द्वारा पुलिस को सूचना नही दी गई। ग्रामीणों ने मांग की है कि पुलिस जल्द जांच शुरू कर दोषियों को बेनकाब करे, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों।





