शिवपुरी के फिजिकल थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात 18 वर्षीय छात्र का शव उसके किराए के कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को उतार और जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। शनिवार को मर्ग कायम कर पोस्टमॉर्टम कराया गया। छात्र की बहन ने एक शादीशुदा महिला पर उसे प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार अमोलपाठा निवासी महेन्द्र पिता चेनू आदिवासी उम्र 18 साल शिवपुरी में रहकर 12वीं की पढ़ाई कर रहा था। वह टीवी टॉवर रोड साइंस कॉलेज के पास किराए के कमरे में रहता था। मकान मालिक ने बताया कि शुक्रवार दोपहर उसके नहीं दिखने पर रात करीब 10 बजे उसने कमरे में खिड़की से झांककर देखा। इस दौरान महेन्द्र का शव फांसी पर लटका मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
वहीं की बड़ी बहन संजू ने आरोप लगाया कि महेन्द्र पहले फिजिकल क्षेत्र में एक शादीशुदा महिला के घर किराए से रहता था। इसी दौरान महिला ने उसे अपने प्रेम जाल में फंसा लिया और पैसों की मांग करने लगी। परेशान होकर महेन्द्र ने वहां से कमरा बदल लिया था। संजू का कहना है कि शुक्रवार शाम वही महिला उसके कमरे पर आई थी और दोनों के बीच विवाद हुआ था, इसके बाद उसने यह कदम उठाया।
इधर, आरोप पर महिला ने बताया कि महेन्द्र से उसकी पहचान थी। उसका मोबाइल गुम होने के बाद उसने महेन्द्र का फोन अपने पास रख लिया था। शुक्रवार को वह मोबाइल लौटाने ही उसके पास गई थी। इसी दौरान महेन्द्र ने उस पर शादी का दबाव बनाया, लेकिन उसने साफ मना कर दिया कि वह शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं। इसके बाद वह वहां से वापस आ गई थी।
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।







Be First to Comment