Press "Enter" to skip to content

अमोला घाटी पर हुआ लैंड स्लाइड, अभी भी पत्थर गिरना जारी, दो दिन पहले नरवर रोड पर भी सड़क पर आ गया था पहाड़ / Shivpuri News

शिवपुरी: सुरवाया थाना क्षेत्र में आने वाली सुरवाया घाटी पर शनिवार की शाम 4-5 बजे के बीच में अचानक पहाड़ी से लैंड स्लाइड हो गया। इस दौरान बड़ी संख्या में पत्थर हाईवे पर आ गिरे। पत्थर गिरने से कई घंटों तक एक साइड से हाईवे पर ट्रैफिक बंद रहा और एक ही साइड से दोनों तरफ का ट्रैफ्रिक निकालना पड़ा। हालांकि कुछ घंटे बाद स्थानीय प्रशासन व नेशनल हाईवे प्रबंधन ने हाईवे से पत्थरों को हटवाया, जिसके बाद यातायात बहाल हो सका। पत्थरों का गिरना अभी भी जारी है। ऐसे में आशंका बनी हुई है कि पहाड़ से कभी भी पत्थर गिर सकते हैं। अगर लैंड स्लाइड के दौरान पहाड़ से पत्थर गिरते हैं तो यह बड़े हादसे का कारण भी बन सकते हैं। लोगों का कहना है कि पत्थरों का गिरना अभी भी जारी है, ऐसे में यह प्रतीत हो रहा है कि पहाड़ अत्यधिक बारिश के कारण पानी भरने के वजह से कमजोर हो गए हैं। ऐसे में पानी के रिसाव के क्रम में पहाड़ से पत्थर गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं और लैंड स्लाइड लगातार जारी है। यहां बताना होगा कि दो दिन पहले नरवर रोड पर भी पहाड़ के दरकने की घटना सामने आई थी। उक्त घटना में भी पत्थर और पेड़ टूट कर रोड पर आ गए थे, जिसके कारण नरवर-शिवपुरी मार्ग पूरी तरह से बंद हो गया था।

लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत
अगर जानकारों की मानें तो शिवपुरी में अब तक जितनी बारिश हुई है। ऐसी बारिश पिछले कई सालों में शायद पूरे सीजन में ही नहीं हुई होगी। इस वजह से बारिश का पानी पहाड़ों में भर कर रिसने लगा है। वहीं दूसरी ओर सड़कों व अन्य निर्माण सहित अवैध खनन के कारण पहाड़ों की जड़ें भी कमजोर हो गई हैं। इस वजह से ही पहाड़ों के दरकने की घटनाएं सामने आ रही हैं। शिवपुरी पहाड़ पर बसा हुआ है। ऐसे में यहां पूरे अंचल में ही इस तरह के पहाड़ हैं, जहां लोग आते-जाते रहते हैं। इस स्थिति में लोगों को सावधान रहने की आवश्यकता है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!