शिवपुरी: जिले में मंगलवार को जनसुनवाई के दौरान पंचायत स्तर की अनियमितताओं और भ्रष्टाचार को लेकर दो अलग-अलग मामलों में शिकायतें सामने आईं।
ग्राम पंचायत टोड़ा की सरपंच ने सचिव पर लापरवाही और काम में अड़ंगा डालने का आरोप लगाते हुए हटाने की मांग की, तो वहीं ग्राम गोपालपुर के सरपंच और सचिव पर प्रधानमंत्री आवास योजना में घूस मांगने और जातिगत भेदभाव जैसे गंभीर आरोप लगे।
ग्राम पंचायत टोड़ा की महिला सरपंच प्रीति धाकड़ सचिव राजेन्द्र धाकड़ से परेशान हैं। उन्होंने सचिव को हटाने की मांग की। कहा कि सचिव गांव में नियमित नहीं आते और शिवपुरी में ही रहते हैं।
टोड़ा में टीटीएस योजना के तहत स्वीकृत निर्माण कार्यों का भुगतान भी सचिव ने रोक दिया है। सरपंच ने चेतावनी दी है कि 7 दिन में सचिव को नहीं हटाया गया तो सरपंच संघ और ग्रामवासी धरना प्रदर्शन करेंगे।
ग्राम गोपालपुर के सरपंच नरेश चौहान और सचिव नाथू सिंह धाकड़ पर गंभीर आरोप लगे हैं। शिकायतकर्ता मोतीलाल जाटव और जाटव समाज का आरोप है कि दोनों ने प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए 10-10 हजार रुपए की रिश्वत मांगी। साथ ही जातिगत भेदभाव भी किया।
मोतीलाल ने बताया कि शिवपुरी एडीएम की जांच में आरोप सही पाए गए। जांच में यह भी सामने आया कि पंचायत में पानी की टंकी निर्माण में 3 से 4 लाख रुपए का भ्रष्टाचार हुआ है। फिर भी अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई।







Be First to Comment