,

15 घंटे बाद तालाब से मिला शव, मछली पकड़ते समय हुआ था हादसा, एसडीईआरएफ ने शनिवार सुबह शव खोजा / Shivpuri News

शिवपुरी: जिले के बैराड़ थाना क्षेत्र के मडरका गांव में शुक्रवार शाम तालाब में डूबे युवक का शव 15 घंटे बाद शनिवार सुबह बरामद कर लिया गया। एसडीईआरएफ की टीम ने लगातार सर्चिंग के बाद सुबह करीब 9 बजे शव को तालाब से खोज निकाला।

जानकारी के अनुसार, मृतक श्यामू पुत्र ख्यालु आदिवासी (42), निवासी नोनेटा खुर्द, थाना पोहरी शुक्रवार को अपने भाई बीरबल के साथ मछली पकड़ने मडरका गांव के तालाब पर आया था। मछली पकड़ते समय श्यामू गहराई में चला गया और डूब गया।

घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा और तालाब के किनारे पुलिस बल तैनात किया गया। एसडीईआरएफ की टीम को तत्काल बुलाया गया, जिसने शुक्रवार शाम सर्चिंग शुरू की थी।

रात अधिक होने के कारण तलाशी अभियान रोकना पड़ा, लेकिन शनिवार सुबह फिर से सर्चिंग शुरू की गई। करीब 15 घंटे बाद सुबह 9 बजे टीम ने युवक का शव बरामद किया।

बताया गया है कि श्यामू और उसका भाई पेशे से मछुआरे हैं, लेकिन श्यामू पहली बार इस तालाब में आया था। गहराई का अंदाजा न लगने की वजह से यह हादसा हो गया।

बैराड़ पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है।