Press "Enter" to skip to content

जोराई में कुएं से मिली मां और उसके दो मासूमों की लाश, गांव में पसरा मातम, पति बोला – कोई विवाद नहीं था, रात साले के घर रुका था / Shivpuri News

शिवपुरी: जिले के पोहरी अनुविभाग के बैराड़ थाना क्षेत्र के ग्राम जोराई में गुरुवार सुबह एक ही परिवार के तीन लोगों की लाश कुएं से बरामद होने की घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। मृतकों में एक महिला और उसके दो मासूम बच्चे शामिल हैं। यह घटना रहस्यमयी हालात में हुई, जिससे कई सवाल खड़े हो गए हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल शिवपुरी भेजा है, जहां पैनल से जांच कराई जा रही है।

कुएं में मिली लाशों की पहचान पिंकी बघेल पत्नी रामनिवास बघेल उम्र 28 वर्ष, उनकी बेटी रुचिका उम्र 4 वर्ष और 8 माह के मासूम बेटे आनंद के रूप में हुई है। तीनों के शव गुरुवार सुबह उनके घर के सामने बने पुराने कुएं में पड़े मिले। शव देख ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

रामनिवास गया था गोवर्धन परिक्रमा –

इस घटना के समय महिला का पति रामनिवास बघेल गांव में नहीं था। उसने बताया कि वह अपने साले और साढ़ू के साथ गोवर्धन गिर्राज जी की परिक्रमा देने गया था। रात को परिक्रमा पूरी कर वह लौट तो आया था, लेकिन साले के घर ही रुक गया। गुरुवार सुबह उसे यह सूचना उसके चाचा के लड़के से मिली।

“पत्नी से कोई विवाद नहीं था” – रामनिवास

रामनिवास का कहना है कि उसका अपनी पत्नी से कोई झगड़ा या विवाद नहीं था और घर में सब कुछ सामान्य था। वह खुद भी इस घटना को लेकर स्तब्ध है और कहता है कि उसे समझ नहीं आ रहा कि ऐसा क्यों और कैसे हुआ। फिलहाल पुलिस उससे भी पूछताछ कर रही है और उसके मोबाइल कॉल रिकॉर्ड सहित अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

पुलिस कर रही है सभी एंगल से जांच

बैराड थाना प्रभारी रवि शंकर कौशल ने बताया कि पुलिस ने मर्ग दर्ज कर लिया है और इसे आत्महत्या, हादसा या फिर हत्या – हर एंगल से देखा जा रहा है। मौके की परिस्थितियां, कुएं की स्थिति, शवों की स्थिति और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!