Press "Enter" to skip to content

चार माह का नहीं मिला राशन, ग्रामीणों ने SDM-तहसीलदार से की शिकायत, झिरी पंचायत के सेल्समैन पर राशन खुर्दबुर्द के आरोप, वीडियो भी सौंपा / Shivpuri News

शिवपुरी: जिले के पोहरी जनपद की ग्राम पंचायत झिरी के ग्रामीण पिछले चार माह के राशन के लिए भटक रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि उन्हें सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत मिलने वाला अनाज नहीं मिल रहा है। इसके साथ ही दुकान के सेल्समैन पर राशन खुर्दबुर्द करने के भी गंभीर आरोप लगाए हैं। परेशान ग्रामीणों ने पोहरी पहुंचकर एसडीएम और तहसीलदार को शिकायत सौंपकर जल्द राशन वितरण कराने की मांग की है।

ग्रामीणों ने बताया कि झिरी पंचायत का मुख्यालय से संपर्क बारिश के दिनों में कभी भी कट जाता है, जिससे स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। राशन नहीं मिलने से गरीब परिवारों के सामने भोजन का संकट खड़ा हो गया है।

राशन कार्ड फेंक देता है सेल्समैन

झिरी गांव की बती जाटव ने बताया कि उन्हें पिछले चार महीने से राशन नहीं मिला है। वे राशन लेने के लिए कई बार दुकान गईं, लेकिन या तो दुकान बंद मिली या फिर सेल्समैन बाद में देने की बात कहकर राशन कार्ड तक फेंक देता है।

इसी तरह आनंदपुर गांव के लखन जाटव, धनीराम कुशवाह, रतिराम, साभोन खान सहित अन्य ग्रामीणों ने भी चार माह का राशन न मिलने की शिकायत की।

गेहूं हटवाने का वीडियो भी सौंपा

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सेल्समैन ने दुकान में रखे राशन को खुर्दबुर्द कर दिया है। पार्वती जाटव ने बताया कि सेल्समैन ने दुकान में रखा गेहूं लोडिंग वाहन में रखवाकर हटवा दिया। ग्रामीणों ने इस पूरी घटना का वीडियो भी अधिकारियों को सौंपा है।

ग्रामीणों ने मांग की है कि उन्हें शीघ्र राशन वितरित कराया जाए और दोषी सेल्समैन पर सख्त कार्रवाई की जाए।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!