Press "Enter" to skip to content

गूडर रोड पर महरौली जैन मंदिर के रास्ते में कीचड़ और बदबू से श्रद्धालु परेशान, रोड निर्माण अधर में / Shivpuri News

शिवपुरी: खनियांधाना में गूडर रोड पर स्थित महरौली जैन मंदिर के रास्ते की दुर्दशा से श्रद्धालु और स्थानीय निवासी खासे परेशान हैं। मंदिर तक जाने वाले मार्ग पर दलदल, पानी और तीव्र दुर्गंध के कारण लोगों का निकलना दूभर हो गया है। चौंकाने वाली बात यह है कि इस सड़क के निर्माण के लिए 2022 में टेंडर हो चुका था और 2023 में तकनीकी स्वीकृति (TS) भी मिल गई थी, लेकिन आज तक सड़क का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है।

जैन मंदिर तक पहुंचने का रास्ता पूरी तरह से कीचड़ और गंदे पानी से भरा हुआ है, जिससे न केवल श्रद्धालुओं को मंदिर आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, बल्कि आसपास रहने वाले लोगों के लिए भी यह एक बड़ी समस्या बन गया है। रास्ते से उठने वाली बदबू ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं पैदा होने की आशंका भी बढ़ गई है। स्थानीय निवासियों ने कई बार इस समस्या को लेकर शिकायत की है, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है।


जब इस संबंध में खनियांधाना के मुख्य नगर परिषद अधिकारी आशुतोष त्रिपाठी से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि उन्हें इस मामले की ज्यादा जानकारी नहीं है, क्योंकि उन्होंने हाल ही में पदभार संभाला है। हालांकि, उन्होंने समस्या को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि वे जल्द ही उपमंत्री के साथ मौके का मुआयना करेंगे। सीएमओ ने कहा, “मैं उपमंत्री के साथ जाकर मौके पर देखकर और उस फाइल को आगे बढ़ाकर शासन से पैसे की मांग करके जल्द से जल्द रोड डलवा दिया जाएगा।”


2022 में टेंडर होने और 2023 में तकनीकी स्वीकृति मिलने के बावजूद सड़क का निर्माण कार्य शुरू न होना कई सवाल खड़े करता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन की इस लापरवाही का खामियाजा आम जनता भुगत रही है। उम्मीद है कि सीएमओ के आश्वासन के बाद अब इस सड़क का निर्माण कार्य जल्द से जल्द शुरू होगा और जैन मंदिर के श्रद्धालुओं तथा स्थानीय निवासियों को इस परेशानी से मुक्ति मिलेगी।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!