शिवपुरी: जिले में सोमवार को हुई तेज बारिश ने कोलारस, पोहरी, बदरवास और शिवपुरी शहर सहित कई इलाकों में भारी तबाही मचाई। कोलारस अनुविभाग के लुकवासा, रिजौदा और देहरदा गणेश गांव पूरी तरह जलमग्न हो गए। सबसे गंभीर स्थिति देहरदा गणेश गांव के ज्ञानस्थली स्कूल में बनी, जहां बाढ़ जैसे हालात में स्कूल संचालक और शिक्षकों समेत 10 लोग फंस गए। सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और एसडीईआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाला।
जानकारी मिलते ही कलेक्टर रविंद्र कुमार चौधरी भी मौके पर पहुंचे। जैसे ही वे गांव में पहुंचे, महिलाओं ने उनकी गाड़ी को घेर लिया और बारिश से हुए नुकसान को दिखाने की जिद करने लगीं। ग्रामीणों ने बताया कि तेज बारिश से घरों में पानी भर गया है, अनाज और घरेलू सामान पूरी तरह खराब हो गया है, रास्तों पर कीचड़ जमा है और आवाजाही मुश्किल हो गई है। इस पर कलेक्टर ने गांव का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन कराने और उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया।
बता दें कि शिवपुरी जिले में 24 घंटे में सबसे ज्यादा 150 मिमी वर्षा बदरवास में दर्ज की गई है। इसके बाद नरवर में 41 मिमी, कोलारस में 35 मिमी, पोहरी में 34 मिमी, करैरा में 23. 1 मिमी, शिवपुरी में 22 मिमी और बैराड़ में सबसे कम 20 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई है।
रिजौदा गांव में बारिश का कहर सबसे ज्यादा देखने को मिला। यहां रामकुमार, गोलू, महेश, मुकेश, राजू, सुरेश, युधिष्ठिर, भोला, नरेंद्र, कल्ला, रितु, मनीष, बृजेश, वीरेंद्र और सुरेंद्र रघुवंशी सहित दर्जनों ग्रामीणों के घरों में पानी घुस गया। तेज बहाव में क्विंटलों गेहूं, मक्का, धनिया, सोयाबीन और डीएपी खाद बह गए या खराब हो गए। ग्रामीणों के मुताबिक, वर्षों बाद ऐसी तबाही देखने को मिली है।
बता दें कि रविवार शाम से शुरू होकर सोमवार दोपहर तक जारी बारिश ने कोलारस और बदरवास क्षेत्र के कई गांवों में हालात बिगाड़ दिए। बदरवास के स्वास्थ्य केंद्र में जलभराव से मरीजों को परेशानी हुई। भड़ौता गांव के रेशम माता मंदिर में पानी भर गया। गोरा टीला में नल योजना का टैंकर बह गया। छापी गांव में सड़क बह गई और सेन समाज के एक ग्रामीण का कच्चा मकान ढह गया। रन्नौद के अकाझिरी गांव के स्वास्थ्य केंद्र में पानी भर गया। सोनपुरा गांव की पुलिया बहने से मुख्य मार्ग पूरी तरह कट गया। पूरणखेड़ी टोल प्लाजा पर पानी भरने से घंटों तक जाम लगा रहा।










Be First to Comment