महिला अपराधों को लेकर आयोजित हुई कार्यशाला
शिवपुरी। पुलिस कंट्रोल रूम में मंगलवार को महिला अधिकारियों की कार्यशाला आयोजित की गई। आयोजित कार्यशाला में महिला अपराधों की प्रथम सूचना लेखन, विवेचना, साक्ष्य संकलन व पीड़ित महिलाओं के लिए शासन की योजनाओं के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया। उप पुलिस महानिरीक्षक ग्वालियर जोन अवधकिशोर पांडे के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण कार्यक्रम हुआ।
पांडे ने बताया कि महिला संबंधी अपराधों में फरियादी महिला की सुनवाई महिला अधिकारी द्वारा ही की जाएगी। अपराधों में एफआईआर लेखन व विवेचना का संपूर्ण कार्य महिला अधिकारियों द्वारा ही किया जाएगा। महिला संबंधी अपराधों के संबंध में शासन द्वारा संचालित योजनाओं व अधिकारों की जानकारी भी फरियादी को दी जाएगी। एएसपी गजेन्द्रसिंह कंवर द्वारा प्रशिक्षण कार्यक्रम के उददेश्य पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि पुलिस को महिलाओं के प्रति अधिक संवेदनशील रहना चाहिए, महिलाओं के लिए बनाए गए कानूनों का कड़ाई से पालन करना सुनिश्चित हो, निर्धारित व्यवस्थाओं, कानूनों, संरचनाओं के बारे में सभी को जानकारी हो। प्रशिक्षण में महिला अपराधों में प्रथम सूचना लेखन कार्य के संबंध में प्रशिक्षण एसडीओपी शिवसिंह भदोरिया द्वारा महिला अपराधों के संबंध में तों वहीं विवेचना के संबंध में प्रशिक्षण एसडीओपी कोलारस अमरनाथ वर्मा द्वारा दिया गया। महिला अपराधों में पीड़ित महिलाओं के लिए शासन की योजनाओं की जानकारी महिला व बाल विकास अधिकारी देवेंद्र सुन्दरयाल द्वारा दी गई। महिला अपराधों के संबंध में भौतिक व साक्ष्यों के संकलन पर प्रशिक्षण जिला एफएसएल अधिकारी डॉ एचएस बरहादिया द्वारा दिया गया। साइबर अपराधों के संबंध में प्रशिक्षण साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक उपेंद्र दुबे द्वारा दिया गया।




