शिवपुरी: मध्यप्रदेश के वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने बुधवार को विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2025-26 का बजट पेश किया। वित्त मंत्री ने विधानसभा में 4 लाख 21 हजार 32 करोड़ रुपए का बजट पेश किया। इसमें कोई भी नया टैक्स नहीं लगाया गया। इस बजट में शिवपुरी जिले के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं को मंजूरी दी गई है।
एयरपोर्ट में अपग्रेड होगा एरोड्रम
शिवपुरी में मौजूदा एरोड्रम को एयरपोर्ट में अपग्रेड किया जाएगा। यहां से छोटे विमानों की घरेलू उड़ानें संचालित होंगी। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रयासों से यह योजना साकार हो रही है। राज्य सरकार ने नागरिक एवं विमानन मंत्रालय से इसकी सहमति प्राप्त कर ली है।
जिले में सिंध नदी पर दो नए पुल बनेंगे। पहला पुल मिहावरा और दोनी के बीच बनेगा। दूसरा पुल ग्राम खड़ेदरा से सूंड के बीच बनाया जाएगा। यातायात सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए सात नई सड़कों का निर्माण होगा।
इनमें चंदोरिया से श्यामपुर मार्ग, बारई से गुडाल मंदिर मार्ग और केलधार चौक से टोरिया मार्ग शामिल हैं। साथ ही दौलतपुर से खाईखेड़ा मार्ग, बिजरौनी बायपास सड़क, कुमराहुआ से बांगरोद सड़क और सिंघारई माता मंदिर से चक्र तक सड़क का निर्माण किया जाएगा।
पूर्व प्रदेश प्रवक्ता बोले- यह बजट लोक हितैषी
भाजपा के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता धैर्य वर्धन शर्मा ने बजट को लोक हितैषी बजट की संज्ञा देते हुए कहा कि सरकार ने महिलाओं, किसानों, विद्यार्थियों, ओबीसी, एससी, एसटी सहित सभी वर्गों की बेहतरी का प्रयास किया हैं।
एक ओर जहां धान पर बोनस देने का किसान हितैषी कदम है तो वहीं दूसरी ओर लाडली बहिनों को अटल पेंशन योजना से जोड़ने की योजना आधी आबादी को सशक्त बनाने का ईमानदार प्रयास हैं।
शिवपुरी भाजपा के वरिष्ठ नेता धैर्यवर्धन ने कहा कि स्वास्थ्य के लिए पिछले वर्षों की तुलना में अतिरिक्त पंद्रह प्रतिशत की बढ़ोतरी, एमबीबीएस की 400 और मेडिकल पीजी हेतु 252 सीट्स और बढ़ाकर आम नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं दिलाने का संकल्प जताया है। प्रदेश में नई इलेक्ट्रॉनिक बसें चलाने सहित परिवहन को और सुगम बनाने के शानदार प्रयास सराहना योग्य है।







Be First to Comment