शिवपुरी। कोलारस में बीते रोज पटवारी अभिनव चतुर्वेदी और आरआइ के बीच मारपीट का मामला अभी ठंडा भी नहीं हुआ था कि शुक्रवार को उसी पटवारी अभिनव ने दीपक इलेक्ट्रीकल्स के कर्मचारी के साथ कमरे में बंद कर जमकर मारपीट कर दी। दरअसल बिजली फिटिंग के 15 हजार रूपए दीपक इलेक्ट्रीकल्स फर्म को पटवारी अभिनव से लेने थे। दुकान मालिक दीपक अग्रवाल ने उन्हें कई बार फोन लगाया लेकिन फोन नहीं उठाया तो दीपक ने अपने कर्मचारी रामनिवास रावत को इसके घर आशीर्वाद अस्पताल के पास भेजा और कहा कि जो भी पैसे दे वह ले आए। शुक्रवार दोपहर जब कर्मचारी उसके घर पर पहुंचा तो बकौल रामनिवास पटवारी ने उसे खरी खोटी सुनानी शुरू कर दी। कमरे में अंदर बंद कर जमकर मारपीट कर दी। वह लगातार मारपीट कर रहा था और कह रहा था कि 10 दिन पहले और 3 दिन पहले दो और लोगों की पिटाई कर चुका है। तेरी पैसे मांगने की हिम्मत कैसे हुई। रामनिवास का कहना है कि मौके पर मौजूद एक बंटी नाम के कर्मचारी ने उसे बचा लिया बरना पटवारी उसकी जान ले लेता। घटना की जानकारी कोतवाली पुलिस को दे दी हैं। टीआई बादामसिंह यादव का कहना है कि वह मामले की जांच कर रहे हैं और उसके बाद कार्रवाई की जाएगी।




