Press "Enter" to skip to content

वृंदावन आत्महत्याकांड : कटियार को जिला शिक्षा महाविद्यालय, स्वच्छ छवि के दीपक पांडे होंगे शिवपुरी डीईओ | Shivpuri News

शिवपुरी।  जिला शिक्षा विभाग में हड़कंप मचाने वाले गणक वृंदावन शर्मा आत्महत्याकांड के बाद राज्य शासन ने स्थानीय स्तर पर प्रशासनिक और पुलिसिया कार्रवाई होने से पहले बड़े फेरबदल को अंजाम दिया है। कई दिनों से चल रही अटकलों के बीच मप्र के राज्यपाल के नाम से स्कूल शिक्षा विभाग ने आदेश जारी कर मृतक वृंदावन शर्मा को सुसाइड नोट में आरोपित डीईओ अजय कटियार को तत्काल प्रभाव से शासकीय शिक्षा महाविद्यालय ग्वालियर में प्रध्यापक के पद विरुद्ध पदस्थ कर दिया है जबकि उठा-पटक के इस दौर में ग्वालियर शिक्षा महाविद्यालय में पदस्थ उपसंचालक दीपक कुमार पांडे को डीईओ शिवपुरी के पद पर पदस्थ किया है। साफ-स्वच्छ छवि के पांडे इससे पहले मुरैना, भिंड व ग्वालियर जिले में डीईओ की कमान संभाल चुके हैं, जबकि तत्कालीन शिक्षा मंत्री के सामने छात्रा बेहोश कांड में निलंबित शिवपुरी के तत्कालीन डीईओ व डीपीसी के निलंबन के बाद भी उन्हें शिवपुरी जिले के इन दोनों पदों का प्रभार दिया गया था। दरअसल गणक आत्महत्याकांड के बाद जिले में उथल-पुथल की िस्थति थी, ऐसे में राज्य शासन ने पांडे की पदस्थापना शिवपुरी में की है। उम्मीद जताई जा रही है कि जांच के बीच पांडे शिवपुरी में बेहतर कार्य करेंगे। 
होने थे बयान, नहीं पहुंचे डीईओ और बाबू
इधर वृंदावन शर्मा आत्महत्या मामले में पुलिस के समांतर चल रही एडीएम की प्रशासनिक जांच में सुसाइड नोट के आधार पर करीब 10 बिंदुओं पर सुसाइड नोट में उल्लेखित डीईओ अजय कटियार सहित बाबू प्रशांत व सचिन को नोटिस जारी किया गया था और उन्हें अपने बयान देने के लिए कार्यालय में 2 बजे का समय दिया गया था, लेकिन डीईओ सहित दोनों बाबू बयान देने के लिए नहीं पहुंचे। हालांकि परिजनों की रिपोर्ट पर एफआईआर में बढ़ाए गए बाबू नरेंद्र सेंगर को जांच कमेटी ने नोटिस जारी नहीं किया था क्योंकि उनका नाम सुसाइड नोट में नहीं था और प्रशासनिक जांच सुसाइड नोट के आधार पर ही चल रही है। बताया जाता है कि जबाव के लिए आरोपी डीईओ व दोनों बाबूओं को एक और तारीख दी जाएगी। आशंका जताई जा रही है कि गिरफ्तारी के डर से बाबू व डीईओ संभवत: इन तारीखों पर भी पहुंचे, इसकी संभावना बहुत कम है। 
अगले दो दिन में कार्यभार ग्रहण कर सकते हैं पांडे
जिला शिक्षा विभाग में पदस्थ तीन बाबूओं और डीईओ के आत्महत्या कांड में फसने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय लगभग खाली हो गया है, क्योंकि तीनों ही बाबूओं पर महत्वपूर्ण विभाग थे। ऐसे में जब तक नए डीईओ कमान नहीं संभालते तब तक विभाग का कार्य पटरी पर आना मुश्किल जान पड़ रहा है। नव पदस्थ डीईओ पांडे ने नईदुनिया से चर्चा में कहा कि वे अगले दो-तीन दिन में कार्यभार ग्रहण कर लेंगे। बता दें कि वर्तमान में कोरोना के चलते स्कूलों में ऑनलाइन शिक्षा व अपना घर अपना विद्यालय योजना संचालित है। ऐसे में नवपदस्थ डीईओ के कार्यभार ग्रहण करने के बाद इस योजना की धरातली प्रगति में अपेक्षित परिणाम आने की उम्मीद जताई जा रही है।
More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!