Press "Enter" to skip to content

महामारी में डॉक्टरों के बाद सबसे बड़ी जिम्मेदारी सफाईकर्मियों के कंधों पर ,बोले नगरीय विकास विभाग के मंत्री भदौरिया | Shivpuri News

शिवपुरी। भोपाल जाते समय रविवार को सर्किट हाउस पहुंचे प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री ओपीएस भदौरिया ने मीडिया से बात की। उन्होंने कहा कि महामारी में सबसे बड़ी जिम्मेदारी डॉक्टर निभा रहे हैं और दूसरी बड़ी जिम्मेदारी सफाईकर्मियों के कंधों पर है, हम उन्हीं की बदौलत हर मुश्किल से जीत जाएंगे इस बात का भरोसा है। मंत्री ने कहा कि पीएम आवास अधूरे होने की मुझे जानकारी मिली है। फंड न होने की बात भी सामने आई है। जल्द ही इसके लिए फंड उपलब्ध कराया जाएगा, साथ ही हाउसिंग बोर्ड का कार्यालय शिवपुरी में न होने की जानकारी मिली है जिसके लिए गुना जाना पड़ता है। उसे भी शिवपुरी खुलवाएंगे। मंत्री ने कहा कि पीएम मोदी का सपना है कि हर व्यक्ति के सर पर छत होना चाहिए। इसलिए हम किसी को भी बिना मकान के नहीं रहने देंगे। जब उनसे पूछा गया कि शिवपुरी में 2 करोड़ खर्च कर बनाई गईं नालियां काम नहीं कर रहीं। प्लॉटों में पानी भरा रहता है तो उनका कहना था कि अवैध कॉलोनियों के चलते इस तरह की परेशानी हुई है। अब इन्हें वैध करने का काम शुरू करा दिया है जल्द ही परेशानी से निजात मिल सकेगी। जब उनसे पूछा गया कि मड़ीखेड़ा योजना अधूरी पड़ी हुई है यह कब तक पूरी होगी तो मंत्री ने कहा कि मुझे जहां तक जानकारी है ठेकेदार काम छोड़ गया था। अब नया ठेकेदार काम कर रहा है। ऐसे में भोपाल में सीएस से बात करूंगा और जल्द ही योजना पूरी कराउंगा। उन्होंने कहा कि महाराज और यशोधरा जी इस क्षेत्र के विकास के लिए सदैव संकल्पित रहते हैं। उन्हीं के प्रयासों से पानी आ पाया है, लेकिन पूरी तरह से लोगों को इस योजना का लाभ मिले। जल्द ही योजना पूरी कराई जाएगी। जब उनसे पूछा कि इसके लिए क्या समय रहेगा तो उन्होंने कहा कि जल्द से जल्द ही योजना पूरी कराउंगा। उन्होंने बताया कि भोपाल में सोमवार और मंगलवार को भोपाल में रहने के निर्देश दिए हैं इसलिए हमें भोपाल जाना पड़ता है। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष राजू बाथम, पूर्व नपाध्यक्ष मुन्नालाल कुशवाह, मुकेश जैन, हेमंत ओझा आदि कार्यकर्ता मौजूद थे।
More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!