शिवपुरी। माध्यमिक शिक्षा मंडल हायर सेकेंडरी बोर्ड की परीक्षा में शिवपुरी का नाम रोशन करने वाली अनुष्का गुप्ता और गौरव ओझा से बुधवार को राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मोबाइल पर बात की। सिंधिया ने दोनों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि इसी तरह पढ़ाई जारी रखें और लक्ष्य बनाकर तैयारी करें। उन्होंने दोनों के उज्जवल भविष्य की कामना भी की। बता दें कि गौरव ओझा ने हायर सेकेंडरी की कृषि संकाय परीक्षा में प्रदेश में जहां प्रथम स्थान हासिल किया तो वहीं अनुष्का ने जीव विज्ञान संकाय में प्रदेश की सूची में पहला स्थान पाया था। आज जब सिंधिया ने गौरव ओझा से बात की तो उसे अच्छे अंक लाने पर बधाई दी। उसके परिवार का हाल जाना और इसी तरह आगे पढ़ाई जारी रखने की बात कही। जबकि अनुष्का गुप्ता सांसद सिंधिया से बात करते हुए उसकी हौसला अफजाई की और कहा कि वह इसी तरह से पढ़ाई जारी रखे और लक्ष्य बनाकर अपना कैरियर बनाए। बता दें कि राज्यसभा सदस्य सिंधिया जिले के शैक्षणिक स्तर को सुधारने के लिए क्रत संकल्पित रहे हैं उन्होंने कई शैक्षणिक संस्थान खुलवाए। जिनमें मेडिकल कॉलेज, एनटीपीसी इंजीनियरिंग कॉलेज, एनपीटीआई ट्रेनिंग सेंटर आदि शामिल हैं।






Be First to Comment