नई दिल्ली

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह व्हीलचेयर पर 7 अगस्त 2023 को राज्यसभा पहुंचे थे। उन्होंने दिल्ली सर्विसेज बिल को लेकर वोटिंग में हिस्सा लिया।
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह 33 साल बाद आज राज्यसभा से रिटायर हो रहे हैं। वे 1991 में सबसे पहली बार असम से राज्यसभा पहुंचे थे। छठी और आखिरी बार वे 2019 में राजस्थान से राज्यसभा सांसद बने।
मनमोहन सिंह के रिटायरमेंट पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने उन्हें खत लिखा। इसमें उन्होंने कहा- अब आप सक्रिय राजनीति में नहीं होंगे, लेकिन आपकी आवाज जनता के लिए लगातार उठती रहेगी। संसद को आपके ज्ञान और अनुभव की कमी खलेगी।
राज्यसभा से कुल 54 सांसदों का कार्यकाल अप्रैल में खत्म हो रहा है। इनमें से 49 सांसद 2 अप्रैल को सदन से रिटायर हुए। मनमोहन सिंह समेत 5 सांसदों का कार्यकाल आज (3 अप्रैल) खत्म हो रहा है। इन 54 सांसदों में 9 केंद्रीय मंत्री भी शामिल हैं।
मनमोहन सिंह की जगह अब कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी पहली बार राज्यसभा पहुंचेंगी। 20 फरवरी को उन्हें राज्यसभा के लिए निर्विरोध चुना गया था।

खड़गे ने मनमोहन सिंह को चिट्ठी लिखी
मल्लिकार्जुन खड़गे ने मनमोहन सिंह को लिखे खत में कहा- अब आप सक्रिय राजनीति में नहीं होंगे, लेकिन आपकी आवाज जनता के लिए लगातार उठती रहेगी। तीन दशकों से अधिक समय तक आपने सेवा की है। आपके रिटायरमेंट से एक युग का अंत हो गया है।
बहुत कम लोगों ने देश और उसके लोगों के लिए आपके जितना काम किया है। आपने दिखाया है कि ऐसी आर्थिक नीतियों को आगे बढ़ाना संभव है जो बड़े उद्योगों, युवा उद्यमियों, छोटे व्यवसायी, वेतनभोगी वर्ग और गरीबों के लिए समान फायदेमंद हों।
संसद को आपके ज्ञान और अनुभव की कमी खलेगी। आपके मर्यादित, नपे-तुले, मृदुभाषी लेकिन राजनेता जैसे शब्द झूठ से भरी उन तेज आवाजों के विपरीत हैं, जो वर्तमान राजनीति का संकेत देते हैं। वर्तमान सियासी स्थिति ऐसी है कि बेईमानी की तुलना चतुर नेतृत्व से की जाने लगी है।
आप हमेशा मध्य वर्ग और आकांक्षी युवाओं के लिए नायक, उद्योगपतियों और उद्यमियों के लिए मार्गदर्शक और उन सभी गरीबों के लिए संरक्षक बने रहेंगे, जो आपकी नीतियों की बदौलत गरीबी से बाहर निकले थे।








