
तस्वीरों में किन जोंग टैंक में और सैनिकों के बीच नजर आ रहे हैं।
नॉर्थ कोरिया के राष्ट्रपति और तानाशाह किम जोंग उन ने टैंक चलाया है। नॉर्थ कोरियाई न्यूज एजेंसी KCNA ने तस्वीरें जारी की हैं। इसमें वो काले रंग की लैदर जैकेट पहने दिख रहे हैं।
KCNA के मुताबिक, किम नए बैटक टैंक्स का निरीक्षण करने पहुंचे थे। यहां मॉक बैटल (युद्ध अभ्यास) हुआ। इस दौरान किम ने भी टैंक चलाया। वो इन टैंक की मारक क्षमताओं से काफी प्रभावित नजर आए। इस मॉक बैटल से एक दिन पहले अमेरिका और साउथ कोरिया ने जॉइंट मिलिट्री ड्रिल की थी।
KCNA की तरफ से जारी हुईं किन जोंग की तस्वीरें…

तस्वीर में किम जोंग उन टैंक से बाहर आते दिख रहे हैं।

सैनिकों के बीच नॉर्थ कोरिया का राष्ट्रपति किम जोंग उन।

ब्लैक लेदर जैकेट में सैनिकों के बीच किम जोंग उन।
टैंक क्रू की युद्ध क्षमताओं का निरीक्षण हुआ
KCNA की रिपोर्ट के मुताबिक, टैंक क्रू की युद्ध क्षमताओं का निरीक्षण करने और उन्हें अलग-अलग टैक्टिकल मिशन पर कॉम्बैट एक्शन कैसे किया जाए, यह बताने के लिए मॉक बैटल आयोजित किया गया। नए टैंकों ने सबसे खराब युद्ध परिस्थितियों के बीच तेजी से अपना रास्ता बनाते हुए एक ही बार में टारगेट पर हमला किया।
सियोल पर कब्जा करने वाली इकाई ने जीता मॉक बैटल
मॉक बैटल में 105वीं टैंक डिवीजन विजेता घोषित हुई। यह वही इकाई है जिसने कोरियाई जंग के दौरान दक्षिण कोरिया की राजधानी सियोल पर कब्जा कर लिया था। वहीं, निरीक्षण के दौरान किम के साथ रक्षा मंत्री कांग सुन नाम और सेना के अफसर भी मौजूद रहे।

मॉक बैटल में नॉर्थ कोरिया के नए टैंक की मारक क्षमताओं का परीक्षण हुआ।
2018 से फ्रीडम शील्ड अभ्यास कर रहे US-साउथ कोरिया
इस निरीक्षण से एक दिन पहले अमेरिका और साउथ कोरिया ने फ्रीडम शील्ड एक्सरसाइज (जॉइंट मिलिट्री ड्रिल) की थी। यह ड्रिल पहली बार दोनों देशों ने 2018 में की थी जब नॉर्थ कोरिया ने साउथ कोरिया के साथ तनाव कम करने से जुड़ा एक सैन्य समझौता खत्म कर दिया था।

फुटेज 13 मार्च को अमेरिका और साउथ कोरिया के बीच हुई मिलिट्री ड्रिल की है।
अमेरिका, साउथ कोरिया को खतरा मानता है नॉर्थ कोरिया
नॉर्थ कोरिया अक्सर अमेरिका और साउथ कोरिया की मिलिट्री ड्रिल के जवाब में मिसाइल-टैंक या नए हथियारों की टेस्टिंग करता है। अगस्त 2023 में तानाशाह ने कहा था- ये युद्धाभ्यास हमारे देश पर हमले के लिए किया जा रहा है। जनवरी 2024 में अमेरिका और साउथ कोरिया की मिलिट्री ड्रिल के बाद नॉर्थ कोरिया ने अंडर वॉटर न्यूक्लियर ड्रोन हाइल-5-23 की टेस्टिंग की थी।
प्रतिबंध के बावजूद मिसाइल टेस्टिंग कर रहा नॉर्थ कोरिया
संयुक्त राष्ट्र यानी UN ने नॉर्थ कोरिया पर परमाणु और बैलिस्टिक हथियारों की टेस्टिंग को लेकर प्रतिबंध लगाए हैं। आसान शब्दों में कहें तो नॉर्थ कोरिया परमाणु और बैलिस्टिक मिसाइलों का परीक्षण नहीं कर सकता है। इसके बावजूद लगातार मिसाइल टेस्ट किए जा रहा है।





Be First to Comment