शिवपुरी: जिले के फिजिकल थाना क्षेत्र में गोली काण्ड का मामला सामने आया है। इस गोली कांड में एक पीएचई कार्यालय का कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज शिवपुरी भेजा गया है। यहां आपको बता दें कि यह गोली कांड की घटना मंगलवार की दोपहर 12:15 बजे के करीब की है फिजिकल थाना क्षेत्र में पीएचई कार्यालय की ये घटना है।सूचना के बाद सक्रिय हुई फिजिकल थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुटी
जानकारी के मुताबिक, सुभाष कालोनी का रहने वाला चन्द्रभान सिंह राजपूत PHE विभाग के आवक जावक शाखा में कार्यरत है। बताया गया है कि चंद्रभान सिंह राजपूत के भतीजे भूपेंद्र सिंह राजपूत ने हाल ही में नई लाइसेंसी 315 बोर की राइफल ली थी।
आज मंगलवार की दोपहर भूपेंद्र सिंह रेफर के साथ अपने चाचा चन्द्रभान सिंह के पास PHE दफ्तर पहुंचा था। जहां से दोनों राइफल को चढ़वाने फिजिकल थाने जाने वाले थे। लेकिन इससे पहले ऑफिस में चंद्रभान सिंह ने अपने भतीजे की राइफल को अपने हाथों में ले लिया था।

इसी दौरान चन्द्रभान सिंह से धोखे से राइफल चल गई। राइफल से निकली गोली PHE विभाग में हेल्पर के पद पर पदस्थ आशीष सोलखिया के पैर में लगी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली लगने से घायल आशीष को तत्काल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मौका मुआयना कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
घायल ने भी फिलहाल अपने बयानों में धोखे से गोली लगना बताया है। बता दें कि गोली चलाने वाला चन्द्रभान सिंह अपने भतीजे भूपेंद्र सिंह के साथ घटना के कुछ देर बाद ही फिजिकल थाने में पहुंच गया। फिजिकल थाना प्रभारी रजनी चौहान का कहना है कि मामले की पड़ताल बारीकी से की जा रही है। कुछ देर बाद मामला दर्ज किया जाएगा।






Be First to Comment