
दिल्ली पहुंचे मालदीव के पूर्व राष्ट्रपति मोहम्मद नशीद ने भारत और मालदीव के रिश्तों पर चिंता जताई है। उन्होंने मालदीव के लोगों की तरफ से माफी भी मांगी है।
मोहम्मद नशीद ने कहा- भारत और मालदीव के बीच तनाव से मालदीव पर असर हुआ है। मैं इसे लेकर बहुत चिंतित हूं। मैं कहना चाहता हूं कि मालदीव के लोगों को खेद है। हमें खेद है कि ऐसा हुआ। हम चाहते हैं कि भारतीय लोग अपनी छुट्टियों पर मालदीव आएं। हमारी मेहमान-नवाजी में कोई बदलाव नहीं होगा।


BoycottMaldives ट्रेंड का जिक्र किया
7 जनवरी के बाद से भारत में हैशटैग BoycottMaldives ट्रेंड हुआ। पूर्व राष्ट्रपति मोहम्मद नशीद ने इसका जिक्र करते हुए माफी मांगी और भारतीयों से मालदीव आने के लिए कहा।
दरअसल, PM मोदी ने लक्षद्वीप दौरे का एक वीडियो शेयर किया था। इसमें खूबसूरती के लिहाज से लक्षद्वीप अब मालदीव को टक्कर देता नजर आया। इसके बाद सोशल मीडिया पर लोग कहने लगे कि लाखों रुपए खर्च कर मालदीव जाने से बेहतर है कि लक्षद्वीप जाएं।
इससे मालदीव के मंत्री और नेता नाराज नजर आए। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट में PM मोदी के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया। साथ ही कहा कि भारत सर्विस के मामले में मालदीव का मुकाबला नहीं कर सकता।
मोहम्मद नशीद ने इस पोस्ट की निंदा करते हुए कहा था कि ये मालदीव की सुरक्षा और समृद्धि को खतरे में डाल सकता है।





Be First to Comment