नई दिल्ली

पार्टी मुख्यालय से भारत मंडपम तक सड़कों पर अलग-अलग थीम के PM मोदी के कट आउट लगाए गए हैं।
BJP का दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन 17 फरवरी यानी शनिवार से दिल्ली के भारत मंडपम में शुरू होगा। इसमें पार्टी के देशभर से 11 हजार 500 से ज्यादा पदाधिकारी जुटेंगे।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी और राष्ट्रीय परिषद की इस बैठक में लोकसभा चुनाव में जीत के लिए रोडमैप तैयार किया जाएगा। साथ ही बीते 10 साल की सत्ता के दौरान लिए गए पार्टी के बड़े और निर्णायक फैसलों पर प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद दिया जाएगा।
पूर्व केंद्रीय मंत्री और सीनियर BJP नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा कि लोकसभा चुनाव में NDA के 400 सीटों के जीत के लक्ष्य के लिए देशभर से डेलिगेट्स भाग ले रहे हैं। 17 फरवरी को फर्स्ट हाफ में पदाधिकारियों की बैठक होगी, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी भी मौजूद रह सकते हैं।

राम मंदिर के साथ PM मोदी का कट आउट। मोदी 22 जनवरी को अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा में शामिल हुए थे।

इस कट आउट में मोदी को कोरोना वैक्सीन के साथ दिखाया गया है। सरकार का दावा है कि उसने कोरोनाकाल में 97 देशों को कोविड-19 वैक्सीन की 11.54 करोड़ डोज मुहैया कराई थीं।।

इस कट आउट में मोदी को उज्जवला योजना के साथ दिखाया गया है। इसके 10 करोड़ लाभार्थी हैं। इसमें गरीब महिलाओं को फ्री गैस कनेक्शन दिया जाता है।
जेपी नड्डा का उद्घाटन भाषण होगा
- रविशंकर प्रसाद ने कहा, ‘दोपहर बाद 3 बजे राष्ट्रीय अधिवेशन की बैठक शुरू होगी। पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा का उद्घाटन भाषण होगा और PM मोदी समापन भाषण देंगे। बैठक में दो प्रस्ताव लाए जाएंगे। विस्तारकों की अलग से बैठक होगी। 2047 तक विकसित भारत’ के ब्लूप्रिंट को लेकर एक प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। सम्मेलन के दौरान एक व्यापक संगठनात्मक एजेंडा प्रस्तुत किया जाएगा।
- हर लोकसभा चुनाव के पहले BJP एक बड़ा राष्ट्रीय अधिवेशन करती है। 2014 में लोकसभा चुनाव से पहले भी BJP ने रामलीला मैदान में बैठक की थी, जहां नरेंद्र मोदी का ऐसा ऐतिहासिक भाषण हुआ कि 30 वर्षों के बाद पहली बार भारत में एक स्थायी सरकार बनी है। इसी तरह 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले फिर से रामलीला मैदान में पार्टी ने राष्ट्रीय अधिवेशन किया था और ज्यादा संख्या में जीत के साथ केंद्र में फिर से BJP की सरकार बनी थी।

बीजेपी का राष्ट्रीय अधिवेशन 17-18 फरवरी तक भारत मंडपम में होगा।
राजनीतिक और आर्थिक प्रस्ताव पेश होने की संभावना
कहा जा रहा है कि राष्ट्रीय अधिवेशन में राजनीतिक और आर्थिक प्रस्ताव पेश हो सकते हैं। राजनीतिक प्रस्ताव में मोदी सरकार के 10 साल की बड़ी उपलब्धियां गिनाते हुए 2024 चुनाव में लगातार तीसरी जीत का अपना रोड मैप पेश किया जाएगा।
आर्थिक प्रस्ताव में भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने का संकल्प लिया जाएगा, जिसका ऐलान खुद प्रधानमंत्री कर चुके हैं। किसान आंदोलन को देखते हुए ये माना जा रहा है कि PM मोदी के किसानों के लिए अब तक किये कामों की चर्चा कर भविष्य में किसानों के लिए प्रस्तावित योजनाओं पर भी प्रस्ताव आ सकता है।
2019 लोकसभा चुनाव में किस दल को कितनी सीटें मिलीं

राम मंदिर निर्माण पर धन्यवाद प्रस्ताव
BJP के राष्ट्रीय अधिवेशन में राम मंदिर निर्माण के लिए धन्यवाद प्रस्ताव भी लाया जा सकता है। BJP राम मंदिर निर्माण का मुद्दा जन-जन तक पहुंचाना चाहती है, जिसके लिए प्रस्ताव लाया जाएगा। हाल ही में 3 राज्यों में पार्टी की जीत पर भी धन्यवाद प्रस्ताव आ सकता है।
साथ ही पिछले साल संसद से पास हुए महिला आरक्षण बिल पर भी धन्यवाद प्रस्ताव आ सकता है। BJP महिला सशक्तिकरण के अपने नारे को लेकर और भी जोर-शोर से चुनाव में जाना चाहती है।राष्ट्रवाद का मुद्दा गरम रखने के लिए BJP अक्साई चीन और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर से जुड़ा कोई प्रस्ताव भी ला सकती है।
भारत मे आयोजित G-20 को लेकर पार्टी धन्यवाद प्रस्ताव ला सकती है। यही वजह है कि इस बार का अधिवेशन भारत मंडपम में हो रहा है, जिसमें G-20 के कार्यक्रम हुए थे। पार्टी अपने नेताओं के जरिए जनता तक मैसेज भिजवाना चाहती है कि PM मोदी के नेतृत्व में भारत वर्ल्ड क्लास इन्फ्रास्ट्रक्चर और सुविधाएं मुहैया कराने में कितना आत्मनिर्भर बन चुका है।











Be First to Comment