अमरोहा

अमरोहा में ज्वैलरी कारोबारी और उनकी 27 साल की बेटी की गला रेतकर हत्या कर दी गई। दोनों का खून से लथपथ शव कमरे में फर्श पर मिला है। शनिवार सुबह वारदात का पता चला है। घर के दूसरे हिस्से में कारोबारी के बेटे-बहू थे। उनको वारदात की भनक तक नहीं लगी। कारोबारी का पूरा घर सीसीटीवी से लैस है। घर में 15 सीसीटीवी हैं।
लेकिन, वारदात के वक्त सभी सीसीटीवी बंद थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने योगेश चंद्र अग्रवाल और उनकी बेटी श्रष्टि के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। फॉरेंसिक टीम ने कमरे के अंदर जांच की। शहर कोतवाली इलाके के कटरा गुलाम अली में योगेश चंद्र अग्रवाल (67) अपनी बेटी श्रष्टि के साथ रहते थे।
सृष्टि उनके साले की बेटी थी, जिसे उन्होंने 3 साल पहले गोद लिया था। योगेश चंद्र का ज्वैलरी की बड़ी दुकान थी। यही नहीं, वह उद्योग व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष और आरएसएस की संस्था सेवा भारती के संरक्षक भी थे।

यह फोटो मृतक योगेश चंद्र और उनकी बेटी की है। पत्नी की कोरोना काल में पहले ही मौत हो चुकी है।
योगेश चंद्र की पत्नी छाया की 3 साल पहले कोरोना में मौत हो चुकी थी। परिवार में बेटा इशांक और बहु मानसी हैं। बेटे की शादी होने के बाद वह पत्नी के साथ दिल्ली में ही कारोबार करने लगा था। हालांकि, शुक्रवार रात बेटे-बहू घर के दूसरे हिस्से में थे। उन्हें सुबह ही वारदात की जानकारी हुई।
पहले घटना की तस्वीरें…

इसी कमरे में दोनों के शव मिले हैं। कमरे में खून भी बिखरा हुआ है।

मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे की बारीकी से जांच की।
चाकू से हत्या, घर का मेन दरवाजा खुला था
योगेश चंद्र बड़े कारोबारी थे, ऐसे में घर में सुरक्षा का भी उन्होंने पूरा इंतजाम कर रखा था। आमतौर पर उनके घर का मेन गेट बंद रहता था। शनिवार सुबह पड़ोस में रहने वाली महिला ने देखा कि योगेश चंद्र के घर का मेन गेट खुला हुआ था। उन्हें कुछ शक हुआ तो उन्होंने आवाज लगाई।
लेकिन, अंदर से कोई जवाब नहीं दिया। इसके बाद वह आवाज लगाती हुई घर के अंदर तक चली गईं। वहां अंदर का हाल देखकर वह चीखते हुए बाहर आईं। कमरे में खून बिखरा था, योगेश और उनकी बेटी के शव खून से लथपथ जमीन पर पड़े हुए थे।
इसके बाद बेटा इशांक, बहू भी दौड़ते हुए नीचे आए। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। डबल मर्डर की सूचना पर पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। डीआईजी, एसपी मौके पर पहुंच गए। डॉग स्कवॉयड और फॉरेंसिक एक्सपर्ट को बुलाया गया।

घर के बाहर लोगों की भीड़ लगी हुई है।
शवों के चेहरे पर कपड़ा, सामान बिखरा…अलमारियां टूटी थीं
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, बाप-बेटी की चाकू से गला रेतकर हत्या हुई है। वारदात से पहले उन्होंने संघर्ष भी किया है। क्योंकि, पूरे कमरे में खून बिखरा हुआ था। कमरे का सामान बिखरा हुआ था। इसके अलावा, अलमारियां भी टूटी हुईं थीं। हत्या के बाद हमलावरों ने शवों के चेहरे पर कपड़ा डाल दिया था। इससे पुलिस को आशंका है कि पहले हत्या की गई है। इसके बाद लूट या चोरी की गई है।
बेटे तक नहीं पहुंची आवाज
मृतक के बेटे इशांक का घर के दूसरे हिस्से में रहता था। रात को भी वह अपनी पत्नी के साथ वहीं पर था। इशांक ने बताया कि सुबह 6 बजे उसे वारदात का पता चला। मैं वहां पहुंचा तो कमरे में बहन और पिता का शव पड़ा था। सारा सामान बिखरा था। अलमारियां सारी खुली पड़ी हैं। कितना सामान गायब हुआ है, इसकी अभी जानकारी नहीं है।
एक घर में ही दो लोगों की हत्या हो गई। लेकिन, बेटे-बहू को भनक नहीं लगी। यह बात पुलिस के गले नहीं उतर रही है।

मृतक के बेटे ने बताया कि घर का सारा सामान बिखरा हुआ है। अलमारियां सारी खुली पड़ी है।
सप्ताह में एक बार घर आते थे बेटा-बहू
बेटा इशांक की दिल्ली में गत्ता फैक्टरी है। इशांक व उसकी पत्नी सप्ताह में एक बार ही घर आते थे। अमरोहा में केवल योगेश चंद्र व उनकी दत्तक पुत्री सृष्टि रहती थी। घर चारों तरफ से बंद है। ग्राउंड फ्लोर पर योगेश चंद्र, तो पहले फ्लोर पर बेटे का कमरा है। लेकिन, दोनों के रास्ते मेन गेट से ही अलग-अलग हैं।
योगेश चंद्र के घर एक महिला खाना बनाने आती थी। रात में भी सब कुछ सामान्य था। गुरुवार को इशांक घर आया था। परिवार में सब कुछ ठीक-ठाक चल रहा था। शुक्रवार की रात योगेश अपनी बेटी सृष्टि के साथ घर में थे।

मौके पर भारी पुलिस फोर्स तैनात है। लोगों से पूछताछ की जा रही है।
रात में बंद थे सारे सीसीटीवी
एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने मौके पर जांच करने पहुंचे। डॉग स्क्वायड व फोरेंसिक टीम ने भी मौका मुआयना किया। इस घटना में हैरत की बात यह है कि योगेश चंद्र के घर के सारे सीसीटीवी से लैस है। लेकिन रात को घर के सारे कैमरे बंद थे। एसपी ने बताया कि घटना का कारण स्पष्ट नहीं है। सारे मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही राजफाश किया जाएगा।
डीआईजी मुनिराज जी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि घटनास्थल की बारीकी के साथ जांच पड़ताल की जा रही है। मामले में कुछ संदिग्ध नाम सामने आए है। जिनकी तलाश की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।










Be First to Comment