
41 साल के विवेक तनेजा एक टेक कंपनी के मालिक थे।
अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन में एक भारतीय मूल के एक शख्स की मौत हो गई। 41 साल के विवेक तनेजा एक रेस्टोरेंट के बाहर बेहोश हालात में मिले थे। उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां उनकी मौत हो गई।
मामला 2 फरवरी का है। पुलिस ने अब इस मामले की से जुड़ी जानकारी दी है।
पुलिस ने कहा- 2 फरवरी को रेस्टोरेंट के बाहर विवेक का एक शख्स के साथ झगड़ा हुआ था। दोनों के बीच मारपीट हुई थी। जब हम वहां पहुंचे तो विवेक बेहोशी की हालत में मिले। जमीन पर गिरने की वजह से उनके सिर पर गहरी चोट आई थी। उन्हें अस्पताल ले जाया गया। यहां 5 दिन बाद 7 फरवरी को उनकी मौत हो गई।

पुलिस ने रेस्टोरेंट के पास लगे CCTV के फुटेज से आरोपी की यह तस्वीर जारी की।
आरोपी की तलाश जारी
पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है। उस पर 20 लाख 75 हजार रुपए का इनाम भी रखा गया है। फिलहाल आरोपी की पहचान नहीं हुई है। झगड़े की वजह भी सामने नहीं आई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं, विवेक वर्जिनिया राज्या के रहने वाले थे। वो एक टेक कंपनी के मालिक थे। उनके बारे में भी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है।
4 फरवरी को भारतीय छात्र पर हमला हुआ था
शिकागो में 4 फरवरी को एक भारतीय छात्र पर हमला हुआ था। घटना का एक वीडियो सामने आया था। इसमें 3 हमलावर छात्र का पीछा करते नजर आए थे। इसके बाद तीनों ने उसे बुरी तरह पीटा था, फोन छीन लिया था और भाग गए थे। छात्र खून से लथपथ नजर आया था।

फुटेज में हमलावर भारतीय छात्र का पीछा करते नजर आ रहे हैं।
खाना लेने के लिए घर से निकला था छात्र
घटना के बाद कुछ लोग सैयद मजाहिर अली (छात्र) की मदद के लिए आए। मजाहिर ने उनसे कहा- ‘मैं घर से खाना लेने के लिए निकला था। मैंने खाने का सामन खरीदा और वापस घर जाने लगा। तभी तीन लोग आए और मेरा पीछा करने लगे। उन्होंने मुझ पर हमला कर दिया। भीड़ जमा होने लगी तो मेरा फोन छीनकर भाग गए।’

फुटेज भारतीय छात्र सैयद मजाहिर अली मास्टर्स का है। इसमें उसके चेहरे पर खून दिख रहा है। उसके सिर और नाक पर चोटें आई हैं।



