Press "Enter" to skip to content

प्रशिक्षण में हायर सेकंडरी स्कूल के विषय शिक्षकों को सिखाया कैसे करें ऑनलाइन मूल्यांकन | Shivpuri News

कॉमर्स विषय के प्रशिक्षण के साथ हुआ ऑनलाइन ट्रेनिंग का समापन
शिवपुरी। कोविड-19 महामारी के चलते समग्र शिक्षा अभियान द्वारा जिले के हाईस्कूल और हायर सेकंडरी स्कूल में पढ़ाने वाले शिक्षकों के लिए सभी विषयों का ऑनलाइन प्रशिक्षण आयोजित किया गया। जिले में 11 अगस्त से 17 अगस्त तक सभी विषय के शिक्षकों को यह प्रशिक्षण ऑनलाइन प्रदान किया गया। प्रशिक्षण में भोपाल से ट्रेनिंग लेकर आए रिसोर्स पर्सन द्वारासभी विषय शिक्षकों को ऑनलाइन ट्रेनिंग दी गई। 17 अगस्त को आयोजित हुए कॉमर्स विषय के प्रशिक्षण में जिले के हायर सेकंडरी स्कूलों में पढ़ाने वाले शिक्षकों को सिखाया गया कि वे कैसे हमारा घर हमारा विद्यालय योजना के तहत चल रही ऑनलाइन कक्षाओं में बच्चों की पढ़ाई कराएं और कैसे मूल्यांकन करें। इस मौके पर जिला शिक्षा अधिकारी दीपक पांडे, एडीपीसी एमयू शरीफ, उत्कृष्ट प्राचार्य विवेक श्रीवास्तव सहित कॉमर्स के रिसोर्स पर्सन मौजूद थे। 
हर माह आयोजित होगा विषय शिक्षकों का ऑनलाइन प्रशिक्षण
रमसा के एडीपीसी एमयू शरीफ का कहना है कि समग्र शिक्षा अभियान के तहत शिक्षा विभाग द्वारा चलाई जा रही ऑनलाइन गतिविधियों को लेकर जिले के हाईस्कूल और हायर सेकंडरी स्कूलों में पढ़ाने वाले सभी विषय का यह प्रशिक्षण हर माह पहले हफ्ते में आयोजित होगा। अगस्त माह का प्रशिक्षण 11 से 17 अगस्त तक आयोजित किया गया जिसमें 11 अगस्त को अंग्रेजी तथा हिंदी विषय का प्रशिक्षण आयोजित हुआ। वहीं 13 अगस्त को गणित, विज्ञान, रसायन, भौतिक व वॉयलॉजी का ऑनलाइन प्रशिक्षण आयोजित किया गया जबकि 14 अगस्त को सामाजिक विज्ञान, इतिहास, अर्थशास्त्र, भूगोल व राजनीति शास्त्र का प्रशिक्षण हुआ। 17 अगस्त को कॉमर्स और एकाउंटेंसी के प्रशिक्षण के साथ इस माह के प्रशिक्षण का समापन हो गया। 
डीईओ बोले डिजीलैप कार्यक्रम में आ रही समस्याओं के लिए है प्रशिक्षण
11 अगस्त से आयोजित हुए विषयवार प्रशिक्षण में डीईओ दीपक पांडे ने रोजाना सभी विषय शिक्षकों को संबोधित करते हुए उनकी समस्याएं सुनी। डीईओ पांडे का कहना है कि प्रशिक्षण का मकसद शिक्षकों को सामान्य शैक्षणिक और विषय विशिष्ट सामग्री पर प्रशिक्षित करना है। प्रशिक्षण में शिक्षकों को अध्यापन में आ रही समस्याओं के साथ उनके समाधान के तरीके बताए गए। प्रशिक्षण में पिछले माह पढ़ाए गए टॉपिकों में आई समस्याओं और अगले हफ्ते पढ़ाए जाने वाले टॉपिकों पर विस्तार के साथ चर्चा की गई। सितंबर माह का प्रशिक्षण माह के पहले हफ्ते में ही आयोजित किया जाएगा।  
विषय शिक्षकों का प्रशिक्षण लेना होगा जरूरी, नहीं तो कटेगा वेतन
डीईओ दीपक पांडे का कहना है कि इस ऑनलाइन प्रशिक्षण में जिले के हाईस्कूल और हायर सेकंडरी स्कूलों में पढ़ाने वाले सभी विषयों के शिक्षकों को भाग लेना जरूरी होगा। यह प्रशिक्षण ऑनलाइन आयोजित किया जाएगा। जिसमें शिक्षक की गैर हाजरी को गंभीरता से लिया जाएगा। खास बात यह है कि जो शिक्षक इस प्रशिक्षण में गैर हाजिर रहेंगे उनको प्रशिक्षण दिनांक को वर्क फ्रॉम होम न मानते हुए उस दिन का वेतन काटकर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!