अयोध्या

भव्य मंदिर में रामलला विराजमान हैं।
राम मंदिर में ठीक 6.30 बजे रामलला को जागरण आरती करके जगाया गया। 5 साल के बालक की तरह उन्हें दुलार दिया गया। राजा की तरह उनका श्रृंगार किया गया। गर्भगृह में जब परदा हटा, तब भक्तों ने उनके ठाठ देखे।
पहले 3 घंटों में ही करीब 50 हजार भक्त मंदिर परिसर में पहुंचे। करीब इतने ही और भक्त शहर में बताए जा रहे हैं। इस बीच धार्मिक समिति ने रामलला के पूजन से संबंधित नए विधान को ट्रस्ट के हाथों में सौंप दिया है। इसको लागू होने तक फिलहाल पुराने विधान के अनुसार ही आरती, शयन और जलपान होगा।
हर दिन नए आभूषण-वस्त्रों में दिखेंगे रामलला
राममंदिर के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास ने कहा कि रामलला को हर दिन अलग-अलग रंग के वस्त्र और आभूषण पहनाए जाएंगे। इसका दिन नए विधान के अनुसार होगा। रामलला के नवीन विग्रह के कारण पूजन और श्रृंगार का समय बढ़ा है। मेरे साथ 4 सहायक पुजारी, 1 भंडारी, 1 कोठारी और 1 माली रामलला की सेवा कर रहे हैं।

आम लोगों के लिए दर्शन शुरू होने के बाद भक्तों का हुजूम उमड़ पड़ा है।
5 बार आरती, दो बार जलपान
रामलला के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास ने कहा कि अभी रामलला की पहले की ही तरह 5 आरती, दो बार भोग और जलपान हो रहा है। उनके ठाठ बढ़े हैं।
अब दर्शन और आरती में शामिल होने की जरूरी जानकारी भी पढ़िए…
23 जनवरी 2024 को सुबह 9 बजे तक 50 हजार श्रद्धालु अयोध्या राम मंदिर में पहुंच चुका था। राम मंदिर सुबह 7 बजे से दोपहर 11:30 बजे तक और दोपहर में 2 बजे से 7 तक दर्शन के लिए खुला रहेगा। दोपहर में करीब ढाई घंटे भोग व विश्राम के लिए मंदिर बंद रहेगा। शाम को 7 बजे के बाद रामलला के दर्शन नहीं होंगे।
अयोध्या राम मंदिर में 5 बार आरती हो रही है। पहली आरती सुबह 6:30 बजे- जागरण आरती, दूसरी– 7.30 बजे श्रृंगार आरती, तीसरी– दोपहर 12.30 बजे (भोग आरती), चौथी शाम को 6 बजे (संध्या आरती) होगी। पांचवीं आरती रात 9 बजे शयन आरती होगी।

आरती के लिए ट्रस्ट पास जारी कर रहा
राम मंदिर की आरती में शामिल होने के लिए श्रीराम मंदिर तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट से ‘पास’ जारी कर रहा है। आरती में शामिल होने के लिए ‘पास’ अनिवार्य है। आरती शुरू होने से आधे घंटे पहले पास मिलेगा। पास लेने के लिए सरकारी आईडी प्रूफ साथ ले जाना होगा। मंदिर में प्रवेश के लिए कोई शुक्ल नहीं देना होगा।
एक बार में सिर्फ 30 लोग ही आरती में शामिल हो सकते हैं। राम मंदिर में दर्शन करने से पहले फोन बाहर रखना होगा। इसके लिए फ्री लॉकर सुविधा उपलब्ध है।
वृद्ध या विकलांग लोग अगर दर्शन करने जा रहे हैं और चलने में असमर्थ हैं तो उन लोगों के लिए फ्री में व्हील चेयर की सुविधा भी है।










Be First to Comment