नई दिल्ली

प्रधानमंत्री ने श्रीरामलला के प्राण प्रतिष्ठा से पहले 11 दिन का विशेष अनुष्ठान किया था। इस दौरान उन्होंने 4 राज्यों के 7 मंदिरों में दर्शन-पूजन किए।
अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम आज दोपहर 12:30 बजे शुरू होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुबह 10:25 बजे अयोध्या पहुंचेंगे। PM दोपहर 12:05 बजे से 12:55 बजे तक प्राण प्रतिष्ठा समारोह के विधि-विधानों को पूरा करेंगे।
रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद PM 1 बजे सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल होंगे। दोपहर करीब 2:15 बजे वे श्रीराम जन्मभूमि परिसर स्थित कुबेर टीला पर शिव मंदिर में दर्शन और पूजा करेंगे। करीब 4 घंटे 35 मिनट के कार्यक्रम के बाद दोपहर 3 बजे वे दिल्ली लौट जाएंगे।
प्रधानमंत्री ने श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा से पहले 11 दिन का अनुष्ठान किया। इस दौरान उन्होंने उपवास, जप और गोपूजन किया। वे 11 दिन तक फर्स पर सोए और सिर्फ नारियल पानी, फल खाकर रहे। मोदी इस दौरान रामायण से जुड़े 4 राज्यों के 7 मंदिरों में दर्शन-पूजन भी किए।
PM का शेड्यूल

11 जनवरी को PM का ऑडियो मैसेज, बोले- यम-नियम का पालन करूंगा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 11 जनवरी को 10 मिनट 50 सेकेंड का एक ऑडियो मैसेज जारी किया था। जिसमें उन्होंने बताया था कि, वह यम नियम का पालन करेंगे। उन्होंने कहा था, मेरा सौभाग्य है कि मुझे भी इस पुण्य का साक्षी बनने का अवसर मिल रहा है। ये मेरे लिए कल्पनातीत अनुभूतियों का समय है। मैं भावुक हूं, भाव-विह्वल हूं। मैं जीवन में पहली बार इस तरह के मनोभावों से गुजर रहा हूं।
मैं एक अलग ही भाव-भक्ति की अनुभूति कर रहा हूं। मेरे अंतर्मन की ये भाव यात्रा, मेरे लिए अभिव्यक्ति का नहीं, अनुभूति का अवसर है। चाहते हुए भी मैं इसकी गहनता, व्यापकता और तीव्रता शब्दों में बांध नहीं पा रहा हूं। आप भी भली-भांति मेरी स्थिति समझ सकते हैं।











Be First to Comment