
फुटेज बोइंग 737 मैक्स प्लेन की है। टेकऑफ के बाद इसकी खिड़की हवा में उड़ गई, जिसके बाद इसकी इमरजेंसी लैंडिंग हुई।
अमेरिका में अलास्का एयरलाइंस की बोइंग 737-9 मैक्स फ्लाइट के साथ शनिवार को बड़ा हादसा होते-होते बच गया। टेकऑफ के कुछ समय बाद ही 16.32 हजार फीट की ऊंचाई पर विमान की खिड़की टूटकर हवा में उड़ गई।
इसके बाद विमान की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। यह विमान पोर्टलैंड से कैलिफोर्निया के ओंटारियो जा रहा था। लोकल समय के मुताबिक, यह घटना शुक्रवार शाम करीब 5 बजे हुई। खिड़की उड़ने के बाद बगल की सीट पर बैठे बच्चे की शर्ट भी फट गई। वहीं कुछ पैसेंजर के फोन भी हवा में उड़ गए।
टेकऑफ के आधे घंटे के अंदर प्लेन की वापस पोर्टलैंड में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। इस दौरान विमान में करीब 171 पैसेंजर और 6 क्रू मेंबर सवार थे। अलास्का एयरलाइंस ने अपने सोशल मीडिया पेज पर घटना की जानकारी दी है।

तस्वीर बोइंग 737 मैक्स प्लेन की है, जिसकी खिड़की उड़ने के बाद टेकऑफ के आधे घंटे के अंदर वापस पोर्टलैंड लैंड करवाया गया।
पायलट ने इमरजेंसी की घोषणा की
डेली मेल की रिपोर्ट के मुताबिक, खिड़की के अलग होते ही विमान के पायलट ने इमरजेंसी की घोषणा कर दी थी। ऑडियो रिकॉर्डिंग्स में पायलट एयर ट्रैफिक कंट्रोल से लैंडिंग की बात कहते सुनाई देता है।
पायलट ने कहा- अलास्का 1282 में इमरजेंसी है। हम पोर्टलैंड लौट रहे हैं। अब हम 12 हजार फीट की ऊंचाई पर आ गए हैं। हमें डायवर्ट होने की जरूरत है। प्लेन में इमरजेंसी है और यहां 177 लोग मौजूद हैं। हम तुरंत लैंडिंग करना चाहते हैं।
पैसेंजर बोले- आवाज इतनी तेज थी कि लगा कान फट जाएंगे
विमान में सवार सभी लोग सुरक्षित हैं और पोर्टलैंड पहुंच चुके हैं। फिलहाल अमेरिका का नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड मामले की जांच की कर रहा है। प्लेन में सवार 20 साल की एलिजाबेथ ने बताया- विमान में बैठने पर आमतौर पर जो आवाज सुनाई देती है, उससे 10 गुना ज्यादा तेज आवाज आ रही थी। ऐसा लग रहा था जैसे हमारे कान फट जाएंगे।
एक अन्य पैसेंजर कायली रिंकर ने कहा- प्लेन में सन्नाटा छाया हुआ था। डर की वजह से कोई भी कुछ नहीं कह रहा था। प्लेन में गड़बड़ी होते ही ऑक्सीजन मास्क बाहर आ गए थे। कई लोगों ने इसका इस्तेमाल भी किया।






Be First to Comment