शिवपुरी के तात्याटोपे नगर में निर्मित 10 दुकानों की नीलामी का मामला, अधिकारी नहीं दे रहे सही जबाव
शिवपुरी। शहर में मेडीकल काॅलेज के समीप मध्यप्रदेश हाउसिंग बोर्ड द्वारा निर्मित तात्याटोपे नगर में 10 दुकानों के शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की ऑनलाइन नीलामी की प्रक्रिया विवादों में घिर गई है। विभाग के अधिकारियों ने नीलामी के लिए जारी विज्ञप्ति की शर्तों को ही दरकिनार कर अंतिम तिथि के बाद भी पंजीयन आवेदन जमा करा लिए जिससे इस नीलामी प्रक्रिया में शामिल कई उपभोक्ता इस नियम विरुद्ध प्रक्रिया को लेकर हाउसिंग बोर्ड के अधिकारियों पर मिलीभगत और गंभीर लापरवाही के आरोप लगा रहे हैं। फिलहाल इस मामले में जिम्मेदार अधिकारी अंतिम तिथि के बाद भी ऑनलाइन आवेदन लेने की प्रक्रिया पर कोई सही जबाव नहीं दे रहे हैं।
मध्यप्रदेश गृह निर्माण एवं अधो संरचना विकास मंडल द्वारा पिछले महीने 18 अगस्त को शिवपुरी के तात्याटोपे नगर में 10 दुकानों व गुना के अवंती नगर में 12 दुकानों के लिए विभिन्न समाचार पत्रों में विज्ञप्ति जारी की थी और इसमें अन्य शर्तों के साथ स्पष्ट उल्लेख किया था कि आवेदन एवं धरोहर राशि जमा करने की अंतिम तिथि 14 सितंबर 2020 रहेगी जबकि ऑफर डालने की आखिरी तारीख 15 सितंबर रात 11:59 बजे तक निर्धारित की जाएगी वहीं 16 सितंबर को दोपहर 3 बजे ऑफर खोले जाएंगे, लेकिन इस जारी विज्ञप्ति से इतर बिना उपभोक्ताओं के संज्ञान में लाए 15 सितंबर को भी ऑनलाइन आवेदन भरवाए गए जिसे लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
विभाग की लापरवाही का एक और उदाहरण जहां 15 सितंबर को ऑफर मूल्य ऑनलाइन दर्ज करने के दौरान सामने आया था जब दिनभर तकनीकी खराबी बताकर ओटीपी न आने से कई उपभोक्ता ऑफर मूल्य दर्ज नहीं करा सके। शाम करीब 5:30 बजे इस कथित तकनीकी खराबी को दूर किया जा सका था। तो वहीं 16 सितंबर को 3 बजे दुकानों के ऑफर खोले जाने थे, लेकिन शाम 7 बजे तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं हुई। अधिकारी कभी बिजली न होने तो कभी इंटरनेट काम न करने का हवाला उपभोक्ताओं को देते रहे। इतना ही नहीं उपभोक्ताओं के मोबाइल पर सिर्फ उनका ऑफर आवेदन चयनित न होने और अधिकतम ऑफर राशि का ही हवाला दिया गयाा, जबकि संबंधित दुकान के लिए आवेदनकर्ताओं की सूची और उनके द्वारा भरी गई ऑफर राशि की सूची जारी नहीं की गई जिसे लेकर पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
ये बोले उपायुक्त
निर्धारित तिथि के बाद फार्म कैसे जमा हुए यदि लिए गए तो उसकी ऑनलाइन सूचना जारी की गई होगी। मेरे संज्ञान में फिलहाल नहीं है। मैं दिखवाता हूं। जो भी नियमानुसार होगा वह करेंगे।
एसके सुमन, उपायुक्त हाउसिंग बोर्ड सर्किल ग्वालियर संभाग






Be First to Comment